देश की खबरें | सुलतानपुर जेल में विचाराधीन कैदी की मौत

सुलतानपुर (उप्र), एक जनवरी सुलतानपुर जिला कारागार में रविवार को सुबह एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गयी। जेल प्रशासन ने यह जानकारी दी।

जिला कारागार अधीक्षक डॉ. उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार को कैदी सुफियान की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि चिकित्सकों के अनुसार बंदी पहले से बीमार था। सिंह ने कहा कि कैदी सुफियान आठ माह से एक हत्या के मामले में कारागार में बंद था।

जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार जिला कारागार में हत्यारोपी सुफियान (30) निवासी भट्टी जरौली, थाना कोतवाली नगर की रविवार को कारागार में हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के चचेरे भाई रिजवान ने आरोप लगाया कि उसके भाई की तबीयत खराब होने की जानकारी परिवार के लोगों को नहीं दी गई और जब उसकी मौत हुई तब सूचना दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)