विदेश की खबरें | संयुक्त राष्ट्र ने लीबिया की संसद पर प्रदर्शनकारियों के हमले की निंदा की

सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार को राजधानी त्रिपोली और लीबिया के अन्य शहरों की सड़कों पर जुलूस निकाला, जिसमें कई लोगों ने पूर्वी शहर टोब्रुक में प्रतिनिधि सभा सहित सरकारी इमारतों पर हमला किया और आग लगा दी।

लीबिया पर संयुक्त राष्ट्र की विशेष सलाहकार स्टेफनी विलियम्स ने ट्विटर पर कहा, ‘‘शांतिपूर्वक विरोध करने के लोगों के अधिकार का सम्मान और संरक्षण किया जाना चाहिए, लेकिन दंगों और तोड़फोड़ के कृत्यों मसलन कल देर रात टोब्रुक में प्रतिनिधि सभा मुख्यालय पर हमला करना, यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।’’

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने एक जुलाई को लीबिया के त्रिपोली, टोब्रुक और बेनगाजी सहित कई शहरों में हुए प्रदर्शनों को लेकर चिंता जताई।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को स्वीकार करते हुए उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से हिंसा के कृत्यों से बचने और सुरक्षा बलों से अत्यधिक संयम बरतने का आह्वान किया।

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने सभी प्रदर्शनकारियों से ‘‘हिंसा से बचने और सुरक्षा बलों से अत्यधिक संयम बरतने का आह्वान किया।’’

दुजारिक ने कहा, ‘‘महासचिव ने लीबिया के सभी लोगों से निरंतर राजनीतिक गतिरोध को दूर करने के लिए एक साथ आने का आग्रह किया, जिससे विभाजन गहरा रहा है और देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)