विदेश की खबरें | यूक्रेन के विदेश मंत्री कुलेबा ने रूस के साथ शांति वार्ता की इच्छा जतायी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. कुलेबा ने कहा कि उनकी सरकार दो महीने के भीतर ‘‘शांति’’ शिखर वार्ता चाहती है जिसमें संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस मध्यस्थ होंगे।
कुलेबा ने कहा कि उनकी सरकार दो महीने के भीतर ‘‘शांति’’ शिखर वार्ता चाहती है जिसमें संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस मध्यस्थ होंगे।
उनके इस बयान पर संयुक्त राष्ट्र ने बहुत सधी हुई प्रतिक्रिया दी है।
संयुक्त राष्ट्र के सहायक प्रवक्ता फ्लोरेंसिया सोतो निनो-मार्टिनेज ने सोमवार को कहा, ‘‘जैसा कि महासचिव ने पहले भी कई बार कहा है, वह तभी मध्यस्थता कर सकते हैं जब सभी पक्ष ऐसा चाहेंगे।’’
कुलेबा ने कहा कि उनका देश रूस से सीधी बातचीत करने से पहले चाहता है कि मॉस्को युद्ध अपराध न्यायाधिकरण का सामना करे। बहरहाल, उन्होंने कहा कि अन्य देश रूस से बातचीत कर सकते हैं जैसे कि तुर्किये और रूस के बीच अनाज समझौते से पहले हुआ था।
इस साक्षात्कार से यूक्रेन की इस दूरदृष्टि का पता चल सकता है कि रूस के साथ युद्ध कैसे खत्म हो सकता है। हालांकि, कोई भी शांति वार्ता होने में महीनों लगेंगे।
कुलेबा ने यह भी कहा कि वह राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की पिछले सप्ताह अमेरिका की यात्रा के नतीजों से ‘‘पूरी तरह संतुष्ट’’ हैं और उन्होंने बताया कि अमेरिकी सरकार ने छह महीने से भी कम समय में देश में पैट्रियट मिसाइल बैटरी को इस्तेमाल में लाने की एक विशेष योजना बनायी है।
कुलेबा ने विदेश मंत्रालय में एपी को दिए साक्षात्कार में कहा कि यूक्रेन 2023 में इस युद्ध को जीतने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हर युद्ध कूटनीतिक तरीके से खत्म होता है। प्रत्येक युद्ध जंग के मैदान और वार्ता की मेज पर लिए गए फैसलों के परिणामस्वरूप खत्म होता है।’’
कुलेबा के प्रस्ताव पर क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्रि पेस्कोव ने सरकारी आरआईए नोवोस्ती समाचार एजेंसी से कहा कि रूस ‘‘दूसरों द्वारा तय की गई शर्तों पर कभी नहीं चलता। वह केवल अपनी और सामान्य समझ के अनुसार चलता है।’’
कुलेबा ने कहा कि यूक्रेन सरकार फरवरी के अंत तक ‘‘शांति’’ वार्ता शुरू करना चाहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र इस शिखर वार्ता के लिए सबसे अच्छा आयोजन स्थल हो सकता है क्योंकि वह किसी एक देश का पक्ष लेने वाला नहीं है। यह वास्तव में सभी को वार्ता की मेज पर लाने को लेकर है।’’
संयुक्त राष्ट्र महासचिव की भूमिका के बारे में कुलेबा ने कहा, ‘‘उन्होंने एक प्रभावी मध्यस्थ और वार्ताकार तथा सबसे महत्वपूर्ण, उसूलों पर चलने वाले और ईमानदार शख्स के तौर पर अपने आप को साबित किया है इसलिए हम उनकी सक्रिय भागीदारी का स्वागत करेंगे।’’
तुर्किये तथा सऊदी अरब जैसे दुनिया के अन्य नेताओं ने भी मध्यस्थ की भूमिका निभाने की पेशकश की है।
यूक्रेन के खिलाफ रूस का सैन्य अभियान फरवरी से चल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 27, 2022 12:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

