जरुरी जानकारी | ब्रिटेन ने भारत से आयातित स्टेनलेस स्टील छड़ पर प्रतिकारी शुल्क हटाया

लंदन, 16 जून ब्रिटेन की सरकार ने स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं पर अधिक असर न होने पर भारत से आयातित स्टेनलेस स्टील की छड़ एवं सरिया पर लगाए गए प्रतिकारी शुल्क को हटाने की घोषणा की है।

ब्रिटेन के व्यापार उपचार प्राधिकरण (टीआरए) ने बृहस्पतिवार को एक आदेश में कहा कि भारत से स्टेनलेस स्टील की छड़ और सरिया के आयात को हतोत्साहित करने के लिए लगाए गए चार प्रतिशत शुल्क को हटाने की उसकी अनुशंसा सरकार ने स्वीकार कर ली है।

अपने मूल देश में सरकारी सब्सिडी मिलने से अपेक्षाकृत कम कीमत पर बेचे जाने वाले उत्पादों के आयात को हतोत्साहित करने के लिए प्रतिकारी शुल्क लगाया जाता है।

ये विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के नियमों के तहत स्वीकृत तीन प्रकार के व्यापारिक उपायों में से एक हैं।

हालांकि टीआरए ने कहा कि भारत से सब्सिडी वाले उत्पाद का आयात जारी रहने से ब्रिटेन के उद्योगों को नुकसान होने की आशंका नहीं रह गई है। इसे ध्यान में रखते हुए शुल्क को हटाया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)