देश की खबरें | यूआईडीएआई ने अप्रैल से जुलाई के बीच बाल आधार पहल के तहत 79 लाख बच्चों का पंजीकरण किया

नयी दिल्ली, 15 अगस्त आधार के अभिरक्षक भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआईए) ने इस साल अप्रैल से जुलाई महीने के बीच पांच साल से कम उम्र के 79 लाख से अधिक बच्चों का पंजीकरण किया है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक यह पंजीकरण पांच साल तक के बच्चों का बाल आधार बनवाने और अभिभावकों व बच्चों को कई लाभ प्राप्त करने में मदद की नयी पहल के तहत हुआ है।

यहां जारी बयान के मुताबिक, ‘‘भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने इस वित्तवर्ष के शुरुआती चार महीनों (अप्रैल से जुलाई के बीच) में पांच साल तक के 79 लाख से अधिक बच्चों का पंजीकरण किया है।’’

बयान में कहा गया कि 31 मार्च 2022 तक पांच साल उम्र तक के 2.64 करोड़ बच्चों के पास बाल आधार था, जो बढ़कर जुलाई के अंत में 3.43 करोड़ हो गया।

यूआईडीएआई ने बताया, ‘‘ हिमाचल प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों में पहले ही पांच साल उम्र तक के 70 प्रतिशत से अधिक बच्चों का पंजीकरण हो चुका है। वहीं जम्मू-कश्मीर, मिजोरम, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप जैसे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस दिशा में बहुत बेहतर काम हुआ है।’’

बयान के मुताबिक देश में करीब 94 प्रतिशत लोगों का आधार बन चुका है जबकि वयस्को में यह दर 100 प्रतिशत है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)