देश की खबरें | दक्षिणी दिल्ली में युगांडाई महिला मृत मिली

नयी दिल्ली, 19 जून दक्षिणी दिल्ली के पंचशील विहार इलाके में युगांडा की 42 वर्षीय महिला नागरिक अपने घर में मृत मिली। बुधवार को पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है और सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘मंगलवार रात 10.51 बजे मालवीय नगर पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें बताया गया कि मालवीय नगर के पंचशील विहार स्थित एक घर में युगांडा की एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी है।’’

जब पुलिस ने कॉल का जवाब दिया और मौके पर पहुंची तो, पुलिस ने महिला को बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़ा पाया। वह उसे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में पुलिस को पता चला कि महिला पिछले तीन माह से एक अन्य युगांडाई महिला मित्र के साथ घर में रह रही थी। दोनों ही केश सज्जा का कार्य करती थीं।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को उसकी मित्र अपराह्न 3:30 बजे कमरे से बाहर निकली। जब वह शाम को साढ़े पांच बजे वापस आई तो उसने अपनी मित्र को फर्श पर पड़ा पाया और अपने समुदाय के कुछ अन्य लोगों को बुलाया, जिन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अभी तक किसी गड़बड़ी का संदेह नहीं है। वह 13 मार्च को जारी पर्यटक वीजा पर मार्च 2024 को भारत आई थी। युगांडा दूतावास को सूचित किया जा रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)