देश की खबरें | अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की मौत को लेकर यूडीएफ ने केरल विधानसभा से बहिर्गमन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एक अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) की मौत को लेकर मंगलवार को केरल विधानसभा में हंगामा हुआ और विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया।
तिरुवनंतपुरम, 15 अक्टूबर एक अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) की मौत को लेकर मंगलवार को केरल विधानसभा में हंगामा हुआ और विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया।
एडीएम का स्थानांतरण होने पर आयोजित विदाई समारोह में माकपा की महिला नेता पी पी दिव्या ने उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। पुलिस ने कहा कि कन्नूर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट नवीन बाबू के को अपने गृह जिले पथनमथिट्टा के एडीएम का पदभार ग्रहण करने के लिए मंगलवार सुबह वहां पहुंचना था, लेकिन वह अपने सरकारी आवास पर फांसी के फंदे से लटकते मिले।
विपक्षी सदस्यों ने उस समय विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया जब वित्त मंत्री के.एन. बालगोपाल ‘‘राज्य की खराब वित्तीय स्थिति’’ पर विपक्ष द्वारा लाए गए कार्य स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे थे।
जब विपक्षी विधायकों ने अपनी सीटों से उठकर एडीएम की मौत पर जवाब की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू की, तो मंत्री ने स्वीकार किया कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और वह चर्चा का जवाब समाप्त करने के बाद निश्चित रूप से इस पर प्रतिक्रिया देंगे।
जवाब से नाखुश संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सदस्यों ने अपना विरोध जारी रखा। विधानसभा अध्यक्ष ए.एन. शमसीर ने सदस्यों से शांत होने की अपील की लेकिन सदन में हंगामा जारी रहा।
बाद में, विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने घोषणा की कि वे स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा से बहिर्गमन कर रहे हैं।
मंत्रियों और सत्तारूढ़ पार्टी के विधायकों ने विपक्ष के फैसले पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यूडीएफ खुद अपने द्वारा पेश किए गए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा से भाग रहा है।
शफीक अविनाश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)