देश की खबरें | आईजीआई हवाईअड्डे के निर्माण स्थल पर मचान से गिरने से दो मजदूरों की मौत, छह अन्य घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डा के टर्मिनल-1 के समीप एक निर्माण स्थल पर एक मचान से गिर कर दो मजदूरों की मौत हो गयी तथा छह अन्य घायल हो गए।

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाईअड्डा के टर्मिनल-1 के समीप एक निर्माण स्थल पर एक मचान से गिर कर दो मजदूरों की मौत हो गयी तथा छह अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने रविवार को बताया कि मृतकों की शिनाख्त विकास (30) तथा मनोज (19) के रूप में की गयी है। यह घटना छह अक्टूबर की है।

पुलिस उपायुक्त (आईजीआई हवाईअड्डा) तनु शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि विकास तथा मनोज को मचान से गिरने के बाद सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि विकास को अस्पताल पहुंचाने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि मनोज की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि छह घायल मजदूरों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टर्मिनल-1 की नोड इमारत में मिंटू यादव नाम का ठेकेदार मचान बनाने का काम करा रहा है।

डीसीपी ने कहा, ‘‘हमने ठेकेदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 337 (मानव जीवन को खतरे में डालने वाला कृत्य) और धारा 304 ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया है और मामले की जांच चल रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\