वाशिंगटन, तीन अक्टूबर अमेरिका के दो सीनेटर, देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के एक पूर्व सलाहकार, उनके मुहिम प्रबंधक और व्हाइट हाउस के तीन पत्रकार कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन में कार्यरत संक्रमित अधिकारियों की संख्या और बढ़ गई है।
ट्रम्प (74) और प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प (50) शुक्रवार को कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। राष्ट्रपति का वाशिंगटन डीसी के मैरीलैंड उपनगर में बेथेस्डा स्थित वाल्टर रीड मिलिट्री मेडिकल सेंटर में उपचार चल रहा है, जबकि मेलानिया व्हाइट हाउस में ही हैं।
यह भी पढ़े | फिलिस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए बढ़ाई आपात स्थिति.
डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी के संक्रमित पाए जाने के कुछ ही घंटों बाद रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर थॉम टिलिस और माइक ली के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
टिलिस ने कहा कि वह चिकित्सकों की सलाह के अनुसार काम करेंगे और 10 दिन के लिए स्वयं को घर में पृथक-वास में रखेंगे।
यह भी पढ़े | US President Donald Trump के कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर.
उन्होंने कहा, ‘‘शुक्र है कि मुझे संक्रमण के लक्षण नहीं हैं और मुझे अच्छा महसूस हो रहा है।’’
टिलिस और ली को शनिवार शाम को व्हाइट हाउस में आयोजित उस कार्यक्रम में देखा गया था, जिसमें ट्रम्प ने सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश को नामित किया था।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रोबर्ट ओ’ब्रायन और उपराष्ट्रपति माइक पेंस की प्रेस सचिव केटी मिलर समेत व्हाइट हाउस के कई कर्मी हालिया महीनों में संक्रमित पाए गए हैं।
राष्ट्रपति की निकट सहयोगी होप हिक्स संक्रमित पाई गई थीं, जिसके बाद ट्रम्प और उनकी पत्नी के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। हिक्स ने इस सप्ताह की शुरुआत में राष्ट्रपति के साथ एयर फोर्स वन में यात्रा की थी।
पूर्व व्हाइट हाउस सलाहकार केलियाने कोनवे ने भी ट्वीट करके बताया कि वह संक्रमित पाई गई हैं। ट्रम्प मुहिम प्रबंधक बिल स्टीपियन भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
इस बीच, व्हाइट हाउस पत्रकार संघ ने अपने तीन पत्रकारों के संक्रमित होने की पुष्टि की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY