देश की खबरें | मानसिक रोग से जूझ रही महिला को पीटने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, पुलिस ने उठक-बैठक लगवाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर में मानसिक रूप से बीमार महिला की सरेआम पिटाई के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया और पीड़ित महिला के सामने दोनों आरोपियों से उठक-बैठक भी लगवाई।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 31 अगस्त इंदौर में मानसिक रूप से बीमार महिला की सरेआम पिटाई के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया और पीड़ित महिला के सामने दोनों आरोपियों से उठक-बैठक भी लगवाई।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आदित्य मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि आजाद नगर क्षेत्र में मानसिक रूप से बीमार महिला का आरोपियों के परिवार की एक महिला से बुधवार को मामूली बात पर विवाद हो गया था।
उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान मानसिक रोगी महिला ने आरोपियों के परिवार की महिला पर पत्थर फेंक दिया था।
डीसीपी ने बताया कि इस बात पर आग-बबूला दोनों सगे भाइयों ने मानसिक रोगी महिला के साथ सरेआम मारपीट की थी और इस घटना को एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया था।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चश्मदीदों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को जंजीर में जकड़ कर पीड़ित महिला के पास ले गई जहां वे उससे हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)