विदेश की खबरें | नॉर्वे में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत

ओस्लो में गोलीबारी की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब शहर में समलैंगिकों के समर्थन में एक रैली के आयोजन की तैयारियां चल रही थीं।

पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी शनिवार तड़के नॉर्वे की राजधानी के डाउनटाउन इलाके में एक बार के बाहर हुई।

पुलिस प्रवक्ता तोरे बारस्तैद के अनुसार, गोलीबारी के सिलसिले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस वारदात के पीछे की वजह नहीं पता चल सकी है।

बारस्तैद के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि क्या गोलीबारी की इस घटना का संबंध समलैंगिकों के समर्थन में ओस्लो में शनिवार को आयोजित होने वाली रैली से था।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “पुलिस शनिवार को निकाली जाने वाली इस रैली के आयोजकों के संपर्क में है। इस बात का आकलन किया जा रहा है कि समलैंगिकों के समर्थन में आयोजित होने वाली रैली की सुरक्षा के लिए पुलिस को क्या उपाय करने चाहिए और क्या गोलीबारी की इस घटना का समलैंगिकों की रैली से कोई संबंध है या नहीं।"

नॉर्वे की सरकारी प्रसारक कंपनी एनआरके के पत्रकार ओलाव रोनेबर्ग ने बताया कि उन्होंने गोलीबारी की इस घटना को देखा है।

उन्होंने कहा, “मैंने देखा कि एक आदमी बैग के साथ वहां पहुंचता है। वह बैग में से हथियार निकालता है और गोलीबारी शुरू कर देता है। पहले मुझे लगा कि यह एक एयर गन है। तभी बगल के बार का शीशा टूट गया और मैं समझ गया कि मुझे छिपने के लिए भागना होगा।"

गौरतलब है कि नॉर्वे में गोलीबारी की सबसे दर्दनाक घटना साल 2011 में हुई थी, जब दक्षिणपंथी विचारधारा वाले एक व्यक्ति ने 69 लोगों की हत्या कर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)