देश की खबरें | ओडिशा के कटक में पुलिस मुठभेड़ में दो लोग घायल

कटक, 17 अप्रैल ओडिशा के कटक जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले दो लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार रात कटक जिले के चौद्वार इंद्राणीपटना इलाके के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या पांच पर हुई।

कटक के डीसीपी के. ऋषिकेश ज्ञानदेव ने कहा कि यह घटना उस समय हुई जब पुलिसकर्मी दोनों को गिरफ्तार करने के प्रयास में उनका पीछा कर रहे थे।

डीसीपी ने कहा, ‘‘वे मोटरसाइकिल पर सवार थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या पांच पर इंद्रानीपटना की ओर रुख किया। कुछ दूर चलने के बाद उन्होंने मोटरसाइकिल रोकी और पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें चेतावनी देने के बाद जवाबी कार्रवाई की।’’

उन्होंने बताया कि घायलों की पहचान कटास राउत और सुभ्रांशु परीदा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि कटास के खिलाफ कम से कम 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि परीदा पर जबरन वसूली से लेकर सशस्त्र डकैती तक के 50 से अधिक मामलों में संलिप्त होने का आरोप है।

उन्होंने बताया कि उन्हें एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके पास से आग्नेयास्त्र एवं गोलाबारूद जब्त किया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आईं हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)