देश की खबरें | भाजपा युवा मोर्चा के नेता की हत्या के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया : कर्नाटक पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.

मैंगलुरु, 28 जुलाई कर्नाटक पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा नेता प्रवीण नेत्तारू की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को दक्षिण कन्नड़ जिले से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

दक्षिण कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश भगवान सोनवणे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हावेरी जिले के सावनूर निवासी जाकिर (29) और बेल्लारे के मोहम्मद शफीक (27) के रूप में हुई है।

पुलिस ने कहा कि प्रवीण नेत्तारू की हत्या की साजिश के पीछे दोनों आरोपी शामिल हैं।

इससे पहले अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) आलोक कुमार ने जिले के सुलिया तालुक में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इस मामले की सभी कोणों से जांच की जा रही है।

उन्होंने बेल्लारे का दौरा कर मौजूदा स्थिति का जायजा भी लिया।

आलोक कुमार ने कहा कि इस हत्या की जांच के लिए मैंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त और उडुपी पुलिस की मदद से छह टीमों का गठन किया गया है।

गौरतलब है कि मंगलवार रात को जिला भाजपा युवा मोर्चा समिति के सदस्य प्रवीण नेत्तारू(32) की बेल्लारे में उसकी दुकान के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता पुत्तूर के पास बेल्लारे में ब्रॉयलर की दुकान चलाते थे।

भाजपा युवा मोर्चा के नेता की हत्या के बाद बुधवार को दक्षिण कन्नड़ जिले में कई स्थानों पर तनाव उत्पन्न हो गया। कई जगहों पर पथराव और पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की खबरें आयी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now