देश की खबरें | असम में ‘‘राष्ट्र विरोधियों’’ के खिलाफ कार्रवाई के दौरान दो और लोग गिरफ्तार

गुवाहाटी, सात जून असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को बताया कि राज्य में ‘‘राष्ट्र विरोधी और सांप्रदायिक तत्वों’’ के खिलाफ जारी कार्रवाई के दौरान दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इसके साथ ही पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर ऐसे मामलों में गिरफ्तार लोगों की संख्या 90 पहुंच गई है।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘राष्ट्र-विरोधी और सांप्रदायिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर ताजा जानकारी- सात जून - अब तक 90 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गोलपाड़ा पुलिस ने ‘‘भगवान राम को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट’’ करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और कामरूप पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से ‘‘सांप्रदायिक विवाद भड़काने’’ के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

राज्य पुलिस 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद से सोशल मीडिया पर विवादित ‘पोस्ट’ करने समेत ‘‘भारत विरोधी’’ और ‘‘पाकिस्तान समर्थक’’ गतिविधियों के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इस आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे।

राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किए गए लोगों में विपक्षी सर्व भारतीय संयुक्त गणतांत्रिक मोर्चा के विधायक अमीनुल इस्लाम भी शामिल हैं।

उन्हें पाकिस्तान और पहलगाम हमले में उसकी मिलीभगत का कथित तौर पर ‘‘बचाव’’ करने के लिए शुरुआत में राष्ट्रद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में जमानत मिलने के बाद उन्हें सख्त राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत हिरासत में लिया गया ।

शर्मा ने पहले कहा था कि राष्ट्र विरोधियों के खिलाफ राज्यव्यापी कार्रवाई जारी रहेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)