देश की खबरें | बांदा में दो मजदूरों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार को अलग-अलग कारणों से दो प्रवासी मजदूरों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
बांदा (उप्र), 27 अगस्त उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बुधवार को अलग-अलग कारणों से दो प्रवासी मजदूरों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
पहली घटना बिसंडा थानाक्षेत्र की है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने बृहस्पतिवार को बताया कि क्षेत्र के अलिहा गांव में छोटकू (33) ने अपने मकान के पिछले हिस्से के कमरे में पंखे की हुक से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
उन्होंने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम करवाया है।
एसएचओ ने बताया कि छोटकू हरियाणा में ईंट पथाई का काम किया करता था। लॉकडाउन घोषित होने के बाद वह परिवार के साथ घर लौटा था।
यह भी पढ़े | दिल्ली: विजय माल्या की समीक्षा याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में फैसला सुरक्षित.
दूसरी घटना चिल्ला थानाक्षेत्र की है। प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय सिंह ने बताया कि डिघवट गांव के रामबाबू (40) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सिंह ने उसकी पत्नी दया के हवाले से बताया कि भोजन में सब्जी न बनने पर मामूली विवाद हुआ था, इसके बाद रामबाबू ने बंद कमरे में फांसी लगा ली ।
एसएचओ ने बताया कि रामबाबू दिल्ली में दिहाड़ी मजदूर था, कोरोना महामारी के दौरान अपने घर लौटा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)