कश्मीर के बांदीपुरा से दो ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले में हिज्बुल मुजाहिदीन के दो ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी गिरफ्तार किए गए हैं. आतंकवादियों के पास से कई भारी हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है.
श्रीनगर, 8 मई : जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के बांदीपुरा जिले में हिज्बुल मुजाहिदीन के दो ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी गिरफ्तार किए गए हैं. आतंकवादियों के पास से कई भारी हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आतंकवादियों के बांदीपुरा से श्रीनगर की तरफ बढ़ने की सटीक सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने शनिवार को वुल्लर वेंटेज अरागम के पास एक जांच चौकी बनाई. अधिकारी के मुताबिक, पैदल यात्रियों और वाहनों की तलाशी लेते हुए दो संदिग्ध लोगों को एक कार में देखा गया, जिन्होंने नाके पर सुरक्षाकर्मियों को देखकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की.
उन्होंने बताया कि कड़ी पूछताछ करने पर संदिग्ध लोगों ने जांच चौकी से भागने की कोशिश की और इस दौरान उन्हें पकड़ लिया गया. अधिकारियों ने गिरफ्तार आतंकवादियों की पहचान आबिद अली और फैसल हसन पारे के रूप में की है और वे पुलवामा के हेरपुरा अचान के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि दोनों आतंकवादियों से पूछताछ और वाहन की तलाशी के दौरान उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन के साथ 30 कारतूस, एक पिस्तौल, एक पिस्तौल मैगजीन के साथ चार कारतूस समेत अन्य हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया. यह भी पढ़ें : पटना में शादी समारोह में परफॉर्म करने आयी सिंगर से गैंगरेप, तीन गिरफ्तार
अधिकारियों के अनुसार, आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में एक मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने बताया कि ‘हाइब्रिड’ आतंकवादी आतंकी मंसूबों के प्रति सहानुभूमि रखते हैं और वे अपने आकाओं द्वारा दिए गए काम के अनुसार लक्षित हमले करने को पर्याप्त रूप से प्रशिक्षित होते हैं. आतंकवादी वारदात को अंजाम देने के बाद वे सामान्य जीवन जीने लगते हैं और अगला काम मिलने का इंतजार करते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2022 11:12 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

