देश की खबरें | कोल्हापुर में दो बुजुर्ग जीका वायरस से संक्रमित, दोनों ठीक हुए

मुंबई, 14 सितंबर महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी इलाके में जीका वायरस के दो मामले सामने आए हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।

प्रदेश के स्वास्थ्य निगरानी अधिकारी प्रताप सिंह सार्निकर ने कहा कि जीका संक्रमण के दोनों मामले पिछले पखवाड़े सामने आए थे।

सार्निकर ने कहा, ‘‘एक मरीज 78 साल का है, जबकि दूसरा 75 साल का है। दोनों पुरुष हैं और संक्रमण से ठीक हो गए हैं। इनमें से एक मरीज बुखार, शरीर में दर्द और चकत्ते जैसे लक्षण होने के बाद जांच में संक्रमित पाया गया था।

अधिकारी ने बताया कि एक निजी अस्पताल में किए गए आरटीपीसीआर परीक्षण में उसके जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

उन्होंने कहा कि उसके नमूने नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ इम्यूनोलॉजी, पुणे में उन लोगों के साथ भेजे गए थे जो उनके संपर्क में आए थे और उनमें लक्षण भी विकसित हुए थे। अधिकारी ने बताया कि रोगी के संपर्क में आया एक अन्य व्यक्ति संक्रमित पाया गया।

जीका वायरस एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है। सबसे पहले इसका मामला 1947 में युगांडा में सामने आया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)