कोझिकोड, छह सितंबर केरल में कोझिकोड के पास कारीपुर हवाईअड्डे के बाहर रविवार को तस्करों को लेकर जा रही एक कार को रोकने का प्रयास करने पर कार चालक ने ‘‘जानबूझकर’’ टक्कर मार दी जिससे राजस्व खुफिया विभाग (डीआरआई) के दो अधिकारी घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
डीआरआई अधिकारियों के अनुसार घायल अधिकारियों को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि डीआरआई के दो अधिकारी उस समय घायल हो गए जब उन्होंने हवाई अड्डे के बाहर सोना तस्करों को लेकर जा रही एक कार को रोकने का प्रयास किया। अधिकारियों के अनुसार इनमें से एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल है।
अधिकारियों ने कहा कि जिस मोटरसाइकिल पर डीआरआई के अधिकारी सफर कर रहे थे वह तस्करों द्वारा ‘‘जानबूझकर मारी गई टक्कर’’ में ‘‘पूरी तरह से कुचली गई।’’ यह घटना उस समय हुई जब अधिकारियों ने उस कार को रोकने का प्रयास किया जिसमें तस्करी का सोना ले जाया जा रहा था।
यह भी पढ़े | PUBG गेम खेलने में असमर्थ होने पर पश्चिम बंगाल में ITI के छात्र ने की खुदकुशी, गेम बैन होने से था परेशान.
अधिकारियों ने बताया कि बाद में चालक ने कार पर से अपना नियंत्रण खो दिया जिसे कार एक पेड़ से टकरा गई। अधिकारियों ने बताया कि एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 लगायी गई है जबकि दूसरा फरार हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि कार से चार किलोग्राम सोना जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि दूसरे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
तस्करी के मामलों की जांच कर रहे केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वे केरल में सोना तस्करी गिरोह के सदस्यों द्वारा उनके अधिकारियों पर किये गए ‘‘अभूतपूर्व’’ हमले से हैरान हैं। केंद्रीय एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई- से कहा, ‘‘आमतौर पर तस्कर हम पर हमला नहीं करते हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब अवैध व्यापार चला रहे सिंडिकेट के सदस्यों ने हमारे अधिकारियों पर हमला किया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY