लाहौर, 28 नवंबर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अज्ञात कार सवारों ने एक बस पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिससे एक कॉलेज की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि इस घटना में ‘ठुकराए हुए एक प्रेमी’ की भूमिका हो सकती है।
प्राथमिकी के अनुसार, प्रांत की राजधानी से करीब 80 किलोमीटर दूर पट्टोकी जिले के पंजाब कॉलेज की 20 से अधिक छात्राएं सोमवार को घूमने के लिए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर जा रही थीं।
इसमें कहा गया है, ''जैसे ही लड़कियों की बस पट्टोकी से लाहौर में दाखिल हुई तो एक कार ने उसका पीछा किया। कार सवारों ने बस पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें दो छात्राएं घायल हो गईं। वहीं, अन्य लड़कियां सुरक्षित हैं।''
घायल लड़कियों को लाहौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
पुलिस अधिकारी शराफत अली ने कहा कि अज्ञात कार सवारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और चश्मदीदों, बस चालक और छात्रों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
अली ने कहा कि कार सवार बस के करीब आए और गोलियां चलाईं जिसमें पीछे की सीटों पर बैठी दो लड़कियां घायल हो गईं।
अली के अनुसार, जाहिर तौर पर इस घटना के पीछे ठुकराए हुआ एक प्रेमी था। उन्होंने कहा, "हालांकि, हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लेंगे।"
इस बीच, पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री मोहसिन नकवी ने पंजाब पुलिस प्रमुख को दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों को हरसंभव स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने का भी निर्देश दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY