नागांव, 22 जून असम के नागांव जिले में लाओखोवा वन्यजीव अभयारण्य के भीतर शनिवार को अवैध रूप से मछली पकड़ने आए दो भाइयों की वन रक्षकों द्वारा की गई गोलीबारी में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि निकटवर्ती जुरिया से दो व्यक्ति मध्य रात्रि के आस-पास वन्यजीव अभयारण्य में घुसे थे और रूमारी बील में मछली पकड़ रहे थे।
जब वन रक्षकों की नजर उन पर गई तो दोनों ने कथित तौर पर भागने का प्रयास किया और यह देखकर उन्होंने गोली चलाई। पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो भाइयों जलीलुद्दीन और समीरुद्दीन की मौत हो गई।
रूपोहिहाट के स्थानीय विधायक हुरुल हुदा ने मृतक भाइयों के घर जाकर जांच और पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की।
कांग्रेस विधायक ने कहा, ‘‘यदि वे भागने की कोशिश करते तो उनके पैर में गोली मार देनी चाहिए थी। वन विभाग को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने इन दो गरीब मछुआरों को क्यों मारा और उनके परिवारों को मुआवजा देना चाहिए। ’’
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई मछुआरे थे और पहले भी रूमारी बील में मछली पकड़ने जाया करते थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY