बेंगलुरु, तीन सितंबर कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को कांग्रेस में शामिल कराने के लिये जारी ‘ऑपरेशन हस्त’ की अटकलों के बीच कन्नड़ फिल्म अभिनेता सुदीप संजीव के जन्मदिन की पार्टी में उपमुख्यमंत्री डी के शिव कुमार साथ भाजपा के दो नेताओं ने मुलाकात की ।
‘किच्चा सुदीप’ के नाम से प्रसिद्ध अभिनेता के जन्मदिन की पार्टी में उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार से भाजपा के पूर्व मंत्री बी सी पाटिल एवं पूर्व विधायक नरसिम्हा नाइक ने मुलाकात की।
हालांकि, पाटिल और नाइक ने रविवार को पार्टी छोड़ने और कांग्रेस में शामिल होने की संभावना से इनकार कर दिया।
‘ऑपरेशन हस्त’ को विपक्षी दलों, मुख्य रूप से भाजपा के नेताओं को कांग्रेस में शामिल करने के प्रयास के रूप में पेश किया जा रहा है।
पाटिल और नाइक ने कहा कि पांच सितारा होटल में शिवकुमार से उनकी मुलाकात महज एक संयोग और अप्रत्याशित है। पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक अप्रत्याशित मुलाकात थी। मुझे उम्मीद नहीं थी कि शिवकुमार वहां आएंगे।’’
नाइक ने भी यह स्पष्ट किया कि उनकी भाजपा छोड़ने और कांग्रेस में शामिल होने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी ‘ऑपरेशन’ से गुजरने का कोई सवाल ही नहीं है, क्योंकि मैं न तो कैंसर से पीड़ित हूं और न ही ट्यूमर से। साथ ही, मुझे कोई बीमारी भी नहीं है। किसी डॉक्टर के पास जाने की कोई स्थिति नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि सुदीप ने शनिवार को एक होटल में पार्टी दी थी, जहां भाजपा नेता जुटे थे।
हालांकि, नाइक ने स्वीकार किया कि भाजपा में नाराजगी है और उन्होंने हाल ही में पार्टी की बैठक में इसे उठाया था।
उन्होंने कहा कि हालिया बैठक के दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विपक्ष का नेता नियुक्त करने और नए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के साथ एक टीम गठित करने को कहा था।
नाइक ने कहा कि इससे पार्टी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लोग आगामी आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को वोट देने के लिये उत्सुक हैं और नियुक्ति में देरी से लोग भाजपा से दूर हो सकते हैं, जो नहीं होना चाहिये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY