देश की खबरें | जम्मू में दो लड़कियों का अपहरण करने के मामले में दो गिरफ्तार

जम्मू, चार फरवरी जम्मू में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लड़कियों को उनके घर से अगवा किये जाने को लेकर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अपहृत लड़कियों को सुरक्षित ढंग से मुक्त करा लिया गया।

उन्होंने बताया कि 19 जनवरी को एक महिला ने दोमाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उत्तर प्रदेश के नब्युआ कल्लन निवासी और वर्तमान में ग्रेटर कैलाश में रहने वाले सोनू कुमार ने उनकी 16 वर्षीय बेटी को उनके घर से अगवा कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि 31 जनवरी को एक भिन्न घटना में अन्य महिला ने पौनी चक पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करायी थी।

उन्होंने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि झारखंड के मोहम्मद अशफाक ने उनकी 24 वर्षीय बेटी को यहां उनके घर से अगवा कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि उसकी शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि लापता लड़कियों का पता लगाने के लिए दोमाना थाने की विशेष पुलिस टीम को नियुक्त किया गया ।

उन्होंने बताया कि व्यापक प्रयासों और तकनीकी सहायता से पुलिस ने दोनों लड़कियों को केंद्र शासित प्रदेश के बाहर से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने बताया कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लड़कियों को उनके परिवारों के हवाले कर दिया गया और मामलों की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)