देश की खबरें | दिल्ली में प्रबंधक की हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के वरिष्ठ प्रबंधक की हत्या और उनके मामा को घायल करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 31 अगस्त उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के वरिष्ठ प्रबंधक की हत्या और उनके मामा को घायल करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि भजनपुरा के सुभाष मोहल्ला निवासी बिलाल गनी (18) को बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात लगभग दो बजे सिग्नेचर ब्रिज के निकट से पकड़ा गया जबकि मोहम्मद समीर उर्फ माया को विशेष प्रकोष्ठ ने बुधवार रात को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि हरप्रीत गिल (36) और उनके 32 वर्षीय मामा गोविंद सिंह को मंगलवार रात लगभग 11 बजकर 30 मिनट पर सुभाष विहार इलाके में गोली मारी गई। गिल और सिंह दोनों बाइक से घर से निकले थे। घटना के बाद अस्पताल ले जाये जाने पर गिल को मृत घोषित कर दिया गया था।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्व) जॉय टिर्की ने कहा कि गिल और सिंह दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे, इसी दौरान एक स्कूटर और मोटरसाइकिल पर सवार हमलावर आए और उन्हें रोकने के बाद गोलीबारी की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिलाल गनी और उसके साथी मोहम्मद समीर (18), सोहेल (23), मोहम्मद जुनैद (23) और अदनान (19) भजनपुरा के उत्तरी घोंडा इलाके में पार्टी कर रहे थे।

टिर्की ने बताया कि रात लगभग 10 बजकर 30 मिनट पर वे सभी दो स्कूटर पर सवार होकर वहां से निकल गए। उन्होंने बताया कि वे बीच में कई जगहों पर रुके भी और फिर एक संकरी गली में जाने लगे। इस गली से दो मोटरसाइकिल एक साथ नहीं गुजर सकती।

उन्होंने बताया कि दूसरी तरफ से गिल और सिंह आ रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हो गई और इस पर गनी तथा उसके साथी आक्रामक हो गए तभी जुनैद ने सिंह को थप्पड़ मार दिया।

टिर्की ने बताया इसी दौरान समीर ने उनके सिर पर गोली मार दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान हो पाई।

टिर्की ने बताया कि बिलाल गनी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, भजनपुरा में वेल्डिंग की दुकान पर काम करने वाला गनी रविवार को ही 18 वर्ष का हुआ है। वह 2022 में भजनपुरा में हत्या और डकैती मामले में भी आरोपी रहा है।

पुलिस ने बताया कि उस समय नाबालिग होने के कारण वह बाल सुधार गृह से बाहर आ गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\