एजेंसी न्यूज

Twitter Legal Action Against Threads: ट्विटर ने थ्रेड्स को लेकर मेटा को दी कानूनी कार्यवाही की धमकी- रिपोर्ट

सेमाफोर के पास उपलब्ध एक पत्र के मुताबिक, ट्विटर के एक वकील ने मेटा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मार्क जुकरबर्ग को लिखे पत्र में ट्विटर के कारोबारी रहस्यों का गैरकानूनी रूप से इस्तेमाल करने और बौद्धिक संपदा अधिकारों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है.

Twitter Legal Action Against Threads: ट्विटर ने थ्रेड्स को लेकर मेटा को दी कानूनी कार्यवाही की धमकी- रिपोर्ट
(Photo Credit : Twitter)

सेमाफोर के पास उपलब्ध एक पत्र के मुताबिक, ट्विटर के एक वकील ने मेटा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मार्क जुकरबर्ग को लिखे पत्र में ट्विटर के कारोबारी रहस्यों का गैरकानूनी रूप से इस्तेमाल करने और बौद्धिक संपदा अधिकारों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है. ट्विटर का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील एलेक्स स्पिरो ने बुधवार को लिखे इस पत्र में कहा है कि मेटा ने ट्विटर के पूर्व कर्मचारियों को काम पर रखते हुए थ्रेड्स के रूप में एक 'नकलची' ऐप बनाया है. यह भी पढ़ें: ‘थ्रेड्स’ और ट्विटर में तगड़ा कंपटीशन, कौन सी ऐप बेहतर, किसके फीचर्स में है ज्यादा दम?

स्पिरो ने कहा, "इस मामले में ट्विटर अपने बौद्धिक संपदा अधिकारों को लागू करने का इरादा रखती है। अन्याय से राहत पाने के लिए कंपनी दीवानी उपायों का इस्तेमाल करेगी."

ट्विटर के वकील ने जुकरबर्ग को लिखे पत्र को एक 'औपचारिक नोटिस' बताते हुए कहा है कि संभावित कानूनी विवाद में यह प्रासंगिक दस्तावेज होगा.

मेटा ने बुधवार रात को संदेश आधारित ऐप थ्रेड्स को पेश किया था और कुछ घंटों में ही लाखों लोगों ने इसे डाउनलोड कर लिया। इस ऐप का विकास मेटा की इंस्टाग्राम टीम ने किया है और इसे ट्विटर की बादशाहत को एक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है.

ट्विटर के वकील की तरफ से दी गई कानूनी कार्यवाही की धमकी पर मेटा के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने कहा, "थ्रेड्स के विकास से जुड़ी हुई टीम का कोई भी सदस्य ट्विटर का पूर्व कर्मचारी नहीं है. यह दावा सही नहीं है."

इस बारे में प्रतिक्रिया के लिए एसोसिएटेड प्रेस ने ट्विटर और स्पिरो दोनों से संपर्क करने की कोशिश की। इस पर ट्विटर ने बस एक इमोजी के साथ जवाबी ईमेल भेजा है. कंपनी आम तौर पर संवाददाताओं के ईमेल का यही स्वचालित जवाब देती है.

हालांकि ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने मेटा पर कानूनी कार्यवाही की संभावना को लेकर कोई ट्वीट नहीं किया है लेकिन उन्होंने थ्रेड्स को पेश किए जाने पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं.

ट्विटर की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लिंडा याकारिनो ने बृहस्पतिवार को एक ट्वीट में कहा, "हमारी अक्सर नकल की जाती है... लेकिन ट्विटर समुदाय को कभी भी दोहराया नहीं जा सकता है."

मेटा के नए ऐप थ्रेड्स को लेकर निजी आंकड़ों से संबंधित कुछ चिंताएं भी जताई जा रही हैं. दुनिया के 100 से अधिक देशों में थ्रेड्स को पेश किया जा चुका है लेकिन यूरोपीय संघ ने अपने सख्त डेटा सुरक्षा नियमों की वजह से इसे अभी मंजूरी नहीं दी है.

 

 

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2023 11:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).