मुंबई, 29 दिसंबर अभिनेत्री तुनिषा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी शीज़ान खान से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की कि महाराष्ट्र के पालघर जिले में टीवी धारावाहिक के सेट पर वास्तव में क्या हुआ था, जहां अभिनेत्री ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खान (27) ने तुनिषा के आत्महत्या करने के बाद अज्ञात महिला के साथ व्हाट्सऐप पर हुए चैट को मिटा दिया है और वह अब उसे प्राप्त करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि शर्मा (21) द्वारा कथित तौर पर लिखा नोट टेलीविजन सेट से बरामद हुआ है, जिसमें लिखा गया है कि ‘‘ वह सह अभिनेता के तौर पर मुझे पाकर प्रफुल्लित था।’’
वालिव पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, ‘‘ खान ने चूंकि शर्मा के साथ रिश्ते खत्म कर लिए थे, लेकिन दोनों के अच्छे संबंध थे और वे नियमित तौर पर बातचीत करते थे।’’
अभिनेत्री तुनिषा शर्मा (21) ने गत शनिवार को पालघर के वसई स्थित टीवी धारावाहिक ‘अली बाबा दास्तान-ए-काबुल’ के सेट पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। मामले में उनके सह कलाकार शीज़ान खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और वह अभी पुलिस हिरासत में हैं।
खान को रविवार को तुनिषा को आत्महत्या करने के लिए उकसाने के अरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह इस समय पुलिस हिरासत में है।
तुनिषा की मां ने सोमवार को आरोप लगाया था कि शीज़ान खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और तीन से चार महीने तक उसका ‘‘इस्तेमाल’’ किया।
अधिकारी ने बताया कि घटना वाले दिन खान और तुनिषा ने शूटिंग के दिन भोजन अवकाश में बात की थी। तुनिषा से बात करने के 15 मिनट बाद खान अपनी शूटिंग करने चले गए थे। इसके कुछ देर बाद तुनिषा शौचालय में मृत मिली थीं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ खान से पूछा जा रहा है कि तुनिषा के साथ बातचीत के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।’’
उन्होंने बताया कि खान ने अभी तक यह नहीं बताया है कि उनके बीच क्या बात हुई।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने अभी तक तुनिषा की मां, रिश्तेदारों, सेट पर काम करने वाले लोगों और सह-कलाकारों के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस ने खान की बहन को भी बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए बुलाया है, लेकिन वह अभी तक जांच अधिकारी के समक्ष पेश नहीं हुई हैं।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस एक अन्य महिला से भी पूछताछ कर रही है, जो खान के संपर्क में थी।
उन्होंने बताया कि खान और तुनिषा की व्हाट्सएप चैट को भी खंगाला जा रहा है।
तुनिषा ने टीवी धारावाहिक 'भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप', 'फितूर' और 'बार बार देखो' जैसी फिल्म में काम किया है। अपनी मृत्यु के समय तुनिषा धारावाहिक 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' की शूटिंग कर रही थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY