विदेश की खबरें | ट्रंप का टि्वटर एकाउंट स्थायी रूप से निलंबित करने पर रिपब्लिकन नेताओं ने कहा : अमेरिका चीन नहीं है

वाशिंगटन, नौ जनवरी भारतीय मूल की लोकप्रिय अमेरिकी नेता निक्की हेली समेत कई रिपब्लिकन नेताओं ने निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एकाउंट को स्थायी रूप से निष्क्रिय कर देने को लेकर ट्विटर की निंदा की और कहा कि ‘अमेरिका चीन नहीं है।’’

ट्विटर ने ‘और हिंसा भड़काने के जोखिम’ के चलते शुक्रवार को स्थायी रूप से ट्रंप का एकाउंट निलंबित कर दिया था। कुछ दिन पहले उनके समर्थक अमेरिकी कैपिटल (संसद भवन) पर चढ़ गये थे और इस दौरान झड़प में चार नागरिकों एवं एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गयी थी।

हेली ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ‘‘ लोगों को चुप करना और अमेरिका के राष्ट्रपति का उल्लेख नहीं करना ऐसी बातें हैं जो चीन में होती हैं, हमारे देश में नहीं।’’

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत रह चुकीं हेली ने कहा, ‘‘ अविश्सनीय।’’ वैसे उन्होंने शुक्रवार को फ्लोरिडा में बंद कमरे में हुई रिपब्लिकन नेशनल कमिटी की बैठक में ट्रंप की टिप्पणियों की निंदा की थी जिनमें उन्होंने अपने समर्थकों को अमेरिकी कैपिटल पर हमला के लिए उकसाया था।

उन्होंने बैठक में कहा था कि राष्ट्रपति ने हमेशा सही शब्दों का चयन नहीं किया है और चुनाव पश्चात उनके कृत्य का ‘इतिहास तीखा मूल्यांकन करेगा।’’

अमेरिका के आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. बेन कारसोन ने भी ट्विटर के कदम का विरोध किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ बड़ी संख्या में मतदाताओं को चुप करना और इतिहास को मिटाना हमें एकजुट करने का तरीका बिल्कुल नहीं है। बड़े तकनीकी और सोशल मीडिया मंच, मीडिया संगठनों की भांति बर्ताव करना चाहते हैं लेकिन बाकी मीडिया के साथ वे जवाबदेह नहीं ठहराया जाना चाहते। भाषण स्वतंत्र होना चाहिए, भले आप सहमत हों या नहीं।

कारसोन ने कहा, ‘‘ अमेरिका चीन नहीं हैं । आप डोनाल्ड ट्रंप पर रोक लगाना चाहते हैं, चलिए ठीक है, आप निजी कंपनी हैं लेकिन ट्विटर द्वारा राष्ट्रपति का एकाउंट हटाना , जिसमें इस प्रशासन एवं उसके इतिहास की बाते हैं, गलत हैं।...’’

ट्विटर ने ट्रंप के प्रचार अभियान के डिजिटल निदेशक गैरी कॉबी का एकाउंट हटा दिया जिसके बाद उन्होंने अपना ट्विटर नाम बदलकर ‘डोनाल्ड ट्रंप’ कर लिया और उस एकाउंट से ट्वीट किया।

ट्रंप के लंबे समय तक सलाहकार रहे जेसन मिलर ने ट्विटर के कदम को ‘बहुत खराब ’बताया।

राष्ट्रपति के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने कटाक्ष किया, ‘‘ माओत्से तुंग को गर्व होगा।’’ वह पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के संस्थापक माओत्से तुंग का जिक्र कर रहे थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)