बैतूल (मध्यप्रदेश), 17 नवंबर जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर चोपना थानांतर्गत तवा काठी ग्राम के पास तेज गति से जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गया। हादसे में इसमें सवार पांच मजदूरों सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
चोपना के थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि तवा नदी पर बने पुल से सोमवार-मंगलवार दरमियानी रात सरिया से भरा ट्रक रैलिंग तोड़ते हुए नीचे गिर गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें ट्रक चालक एवं पांच मजदूर शामिल हैं। नदी में जहां पर ट्रक गिरा, वहां पर बहुत ही कम पानी था।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर चोपना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से ट्रक में रखे सरिये अलग कर छह शवों को बाहर निकाला।
रघुवंशी ने बताया कि मृतकों की पहचान रिकेश (25), बबलू भलावी (24), दिलीप उइके (26), संजू बटके (40), मुन्ना सलाम (24) और ट्रक चालक मनोहर साहू (38) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े | Sibbal on Congress: सिब्बल के हमले के बाद कांग्रेस नेता राहुल के बचाव में उतरे.
उन्होंने कहा कि ये मजदूर पिपरी गांव के निवासी थे, जबकि ट्रक मुलताई का है।
रघुवंशी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल भिजवाया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में चोपना थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY