देश की खबरें | बेटा नहीं होने पर ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने दो बेटियों के साथ खुदकुशी की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के एक गांव में दो बेटियों की मां 38 वर्षीय महिला ने बेटा नहीं होने को लेकर पति और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर कथित तौर पर अपने बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली।
खंडवा (मध्यप्रदेश), आठ अगस्त जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के एक गांव में दो बेटियों की मां 38 वर्षीय महिला ने बेटा नहीं होने को लेकर पति और ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर कथित तौर पर अपने बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली।
जिला पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने शनिवार को बताया कि पंधाना थाना क्षेत्र के गांव टंकली में शुक्रवार शाम को 38 वर्षीय महिला, उसकी 13 और तीन साल की दो बेटियों के शव कुंए में तैरते मिले।
सिंह ने कहा कि महिला के माता-पिता का परिवार पड़ोसी खरगोन जिले के गोरखपुर गांव में रहता है। मृत महिला के भाई रामकृष्ण पटेल ने बताया कि दो बेटियों के पैदा होने के बाद उसे ससुराल वालों द्वारा परेशान किया जा रहा था। इसके कारण उसकी बहन ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पटेल ने बताया कि उसकी बहन की शादी 16 साल पहले खंडवा जिले के टंकली गांव में सुरेश पटेल के साथ हुई थी। उसकी बहन के ससुराल वाले और उसका पति एक लड़का चाहते थे लेकिन दूसरी बेटी के जन्म के बाद उन्होंने उसे परेशान करना शुरु कर दिया।
उन्होंने बताया कि इसके कारण वह छह माह पहले ससुराल छोड़कर माता-पिता के पास घर आ गयी थी। लेकिन उसके पति और परिवार द्वारा परेशान नहीं करने के आश्वासन पर समझौता होने के बाद वह अपने ससुराल लौट गयी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उसे लगातार परेशान किया जाता रहा।
बारेगांव थाने के प्रभारी जगदीश सिद्ध ने कहा कि महिला के भाई के बयान के अनुसार यह उत्पीड़न का मामला है।
उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)