नयी दिल्ली, 15 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के पास जनसांख्यिकी, लोकतंत्र और विविधता है और इन तीनों की त्रिवेणी देश के हर सपने को पूरा करेगी।
देश के 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और जनसंख्या की दृष्टि से बहुत लोगों ने माना है कि आबादी के हिसाब से हमारा देश पहले स्थान पर आता है।
मोदी ने कहा कि 30 वर्ष से कम आयु के लोगों की सबसे बड़ी संख्या भारत में है और इन युवाओं, महिलाओं, बहनों की शक्ति से देश अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ कई देशों की आबादी बूढ़ी हो गई है लेकिन भारत युवा शक्ति की ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ 30 वर्ष से कम आयु के युवा मस्तिष्क और असंख्य कामकाजी हाथों और नवाचार एवं आकांक्षाओं से भरी प्रतिभाओं के साथ हम इन लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘आज हमारे पास जनसांख्यिकी, लोकतंत्र तथा विविधता है और इस 'त्रिवेणी' (तीन कारक) में भारत के हर सपने को सच करने की क्षमता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ देश आज माताओं-बहनों के सामर्थ्य से आगे बढ़ा है, आज देश प्रगति की राह पर चल पड़ा है तो मेरे किसान भाई-बहनों का पुरुषार्थ है, यह आप ही का परिश्रम है कि देश आज कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें युवा शक्ति पर भरोसा है, युवा शक्ति में सामर्थ्य है और सरकार की नीतियां भी उसी युवा सामर्थ्य को और बल देने के लिए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे देश के युवाओं ने दुनिया के पहले 3 स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत को स्थान दिलाया है। आज भारत के इस सामर्थ्य को देखकर विश्व के युवाओं को आश्चर्य हो रहा है।’’
मोदी ने कहा कि यह नया भारत है...आत्मविश्वास से भरा हुआ और संकल्पों को चरितार्थ करने के लिए जी-जान से जुटा हुआ भारत है।
उन्होंने कहा, ‘‘ इसलिए यह भारत... न रूकता है, न थकता है, न हांफता है और न ही यह भारत हारता है।’’
मोदी ने कहा कि हमारे देश में 25 साल से चर्चा हो रही थी कि नई संसद बने, लेकिन यह मोदी है... समय के पहले नई संसद बन गई। उन्होंने कहा, ‘‘ यह काम करने वाली सरकार है, निर्धारित लक्ष्यों के साथ काम करने तथा आगे बढ़ने वाली सरकार है।’’
उन्होंने कहा कि आज भारत पुरानी सोच, पुराने ढर्रे को छोड़ कर, लक्ष्यों को तय कर, लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए चल रहा है।
मोदी ने कहा कि जिसका शिलान्यास हमारी सरकार करती है, उसका उद्घाटन भी हम अपने कालखंड में ही करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश अनेक क्षमताओं को लेकर आगे बढ़ रहा है। देश आधुनिकता की तरफ आगे बढ़ने के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि विश्वभर में भारत के सामर्थ्य के प्रति एक नया विश्वास पैदा हुआ है और आज भारत की विविधता को दुनिया अचंभे से देख रही है, जिस कारण भारत का आकर्षण बढ़ा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आजादी के अमृतकाल में 2047 में, जब देश आजादी के 100 साल का जश्न मनाएगा, उस समय दुनिया में भारत का तिरंगा झंडा विकसित भारत का तिरंगा झंडा होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि अगली बार 15 अगस्त को इसी लाल किले से वे लोगों को देश की उपलब्धियां, आपके सामर्थ्य, आपके संकल्प, उसमें हुई प्रगति, उसकी सफलता और गौरवगान पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY