देश की खबरें | त्रिपुरा राइफल्स के जवान ने ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में तैनात त्रिपुरा राइफल्स के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कोरबा, 19 अक्टूबर छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में तैनात त्रिपुरा राइफल्स के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया के तहत संचालित एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना में सुरक्षा के लिए तैनात त्रिपुरा राइफल्स के जवान आजाद सिंह ने अपने एके-47 राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।
एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी सनिष चंद्रा ने बताया कि जानकारी मिली है कि सिंह पारिवारिक विवाद के कारण पिछले कुछ समय से तनाव में था। शुक्रवार को उसकी ड्यूटी खदान में लगी थी। रात लगभग 10 बजे सिंह ने अपनी सर्विस राइफल से अपने सीने में गोली मार ली।
चंद्रा ने बताया कि जब खदान में तैनात अन्य जवानों ने गोली चलने की आवाज सुनी तब वह सिंह के करीब पहुंचे तब उन्हें घटना के बारे में पता चला।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस और एसईसीएल के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।
कोरबा जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा वर्मा ने बताया कि जवान राजस्थान का रहने वाला था। जानकारी मिली है कि उनका अपनी पत्नी से कुछ विवाद था, जो इस समय राजस्थान में हैं।
वर्मा ने बताया कि परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 19, 2024 10:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

