देश की खबरें | त्रिपुरा: आईपीएफटी के संस्थापक एन सी देबबर्मा का निधन

अगरतला, एक जनवरी त्रिपुरा के वरिष्ठ मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्तारूढ़ सहयोगी आईपीएफटी के संस्थापक-अध्यक्ष एन सी देबबर्मा का रविवार को मस्तिष्काघात (सेरिब्रल स्ट्रोक) के कारण निधन हो गया।

वह 80 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी, चार बेटे और तीन बेटियां हैं।

‘इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा’ (आईपीएफटी) के प्रवक्ता अमित देबबर्मा ने बताया कि राज्य के राजस्व एवं वन मंत्री की हालत पिछले कुछ महीनों से ठीक नहीं थी और वह मधुमेह से भी पीड़ित थे।

प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें शनिवार को मस्तिष्काघात हुआ था और उन्हें यहां एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई, लेकिन रविवार अपराह्न 2.45 बजे उनका निधन हो गया।

ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर), अगरतला के निदेशक के रूप में अपनी सेवानिवृत्ति के बाद देबबर्मा ने 2009 में आईपीएफटी की स्थापना की थी

उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा के साथ गठबंधन किया और माणिक सरकार के नेतृत्व वाली वाममोर्चा सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया, जो 25 साल से सत्तारूढ़ थी।

आईपीएफटी ने उनके नेतृत्व में पिछले विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित नौ में से आठ सीट पर जीत हासिल की थी।

मेवार कुमार जमातिया के साथ देबबर्मा को बिप्लब कुमार देब के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने देबबर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘राज्य मंत्रिमंडल के एक वरिष्ठ सदस्य - एन सी देबबर्मा के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है और शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। उनकी दिवंगत आत्मा को शांति मिले।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)