अगरतला, 22 जून त्रिपुरा सरकार ने राज्य के पहले मुख्यमंत्री सचिन्द्र लाल सिंह की पत्नी लक्ष्मी सिंह (91) को टाइप-चार बंगला आवंटित किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
लक्ष्मी सिंह ने हाल ही में मुख्यमंत्री माणिक साहा से एक आवास आवंटित करने का अनुरोध किया था क्योंकि उनके पास अपना कोई घर नहीं है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘साहा के संज्ञान में जब 91 वर्षीय श्रीमती लक्ष्मी सिंह का अनुरोध आया, तो उन्होंने इस मामले पर गंभीरता से गौर किया। स्वतंत्रता सेनानी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सचिन्द्र लाल सिंह के योगदान को याद करने के लिए बुधवार को कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई और सिंह की पत्नी के अनुरोध के अनुसार अगरतला में एक टाइप-चार बंगला आवंटित करने का फैसला किया गया।’’
लक्ष्मी सिंह अभी हरियाणा के फरीदाबाद में रहती हैं और आवंटित बंगला उनके लिए आजीवन होगा।
सचिन्द्र लाल सिंह का 2000 में दिल्ली में निधन हो गया था। वह एक जुलाई 1963 से एक नवंबर 1973 तक पूर्वोत्तर राज्य के मुख्यमंत्री थे।
पड़ोसी देश के ऐतिहासिक मुक्ति संग्राम में उनकी भूमिका के लिए बांग्लादेश सरकार ने उन्हें 2012 में 'फ्रेंड्स ऑफ लिबरेशन वॉर' सम्मान दिया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता सुब्रत चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘भाजपा उन लोगों का सम्मान करना जानती है जो इसके हकदार हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश में दिवंगत सचिन्द्र लाल सिंह के योगदान को देखते हुए उनकी पत्नी को सम्मान दिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY