एजेंसी न्यूज

तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने तोक्यो में रास बिहारी बोस, राधाबिनोद पाल को श्रद्धांजलि दी

पाकिस्तान से उत्पन्न आतंकवाद पर भारत के विचारों को दुनिया के समक्ष रखने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के तहत जापान की राजधानी तोक्यो गए तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी रास बिहारी बोस और प्रख्यात भारतीय न्यायविद न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल को श्रद्धांजलि अर्पित की.

तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने तोक्यो में रास बिहारी बोस, राधाबिनोद पाल को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, 23 मई : पाकिस्तान से उत्पन्न आतंकवाद पर भारत के विचारों को दुनिया के समक्ष रखने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के तहत जापान की राजधानी तोक्यो गए तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी रास बिहारी बोस और प्रख्यात भारतीय न्यायविद न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल को श्रद्धांजलि अर्पित की. पार्टी ने कहा कि तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने तोक्यो में तामा कब्रिस्तान का दौरा किया और बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की. भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में प्रमुख व्यक्ति रहे बोस गदर विद्रोह के मुख्य आयोजकों में से एक थे जिन्होंने जापान में ‘इंडियन इंडिपेंडेंस लीग’ की स्थापना की थी.

उन्होंने इंडियन नेशनल आर्मी (आईएनए) के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे आजाद हिंद फौज के नाम से भी जाना जाता है. सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तृणमूल ने बोस को ‘‘राष्ट्रीय नायक और बंगाल के सबसे सम्मानित सपूतों में से एक’’ कहा. बनर्जी ने ‘यासुकुनी श्राइन’ पर न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल को समर्पित एक स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की. पाल सुदूर पूर्व के लिए अंतरराष्ट्रीय सैन्य न्यायाधिकरण में नियुक्त तीन एशियाई न्यायाधीशों में से एक थे, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान किए गए जापानी युद्ध अपराधों के ‘तोक्यो ट्रायल्स’ के रूप में भी जाना जाता है. वह एकमात्र न्यायाधीश थे जिन्होंने फैसला सुनाते हुए इस बात पर जोर दिया कि सभी प्रतिवादी दोषी नहीं हैं. यह भी पढ़ें : तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने तोक्यो में रास बिहारी बोस, राधाबिनोद पाल को श्रद्धांजलि दी

तृणमूल ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अभिषेक बनर्जी ने तोक्यो में न्यायमूर्ति राधाबिनोद पाल की समाधि पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. बंगाल से जुड़ी जड़ों को सम्मानित करते हुए उन्होंने ऐसी शख्सियतों को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने दुनिया भर में न्याय और नैतिक साहस को कायम रखा.’’ बनर्जी जापान, इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य और सिंगापुर का दौरा करने वाले सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2025 11:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).