कोलकाता, सात दिसंबर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की "महिला विरोधी" टिप्पणी के खिलाफ बृहस्पतिवार को पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया और सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल से तत्काल हटाने की मांग की।
बनर्जी के खिलाफ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की कथित टिप्पणी को लेकर तृणमूल कांग्रेस के विधायकों द्वारा दिन के दौरान विरोध किये जाने के बाद राज्य विधानसभा में हंगामा हुआ।
प्रश्नकाल के तुरंत बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री शशि पांजा ने यह मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने सिंह की टिप्पणी के लिए भाजपा से माफी की मांग की जिसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया।
पांजा ने कहा, "हम केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए महिला विरोधी बयान की निंदा करते हैं।"
पांजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सिंह के बयान पर माफी मांगनी चाहिए। जैसे ही पांजा ने यह मुद्दा उठाया, सदन में हंगामा हुआ और टीएमसी तथा विपक्षी भाजपा के विधायक एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाने लगे।
बाद में दिन में, पार्टी ने दक्षिण कोलकाता के एक प्रमुख सड़क चौराहे हाजरा मोड़ पर विरोध प्रदर्शन किया, जो बनर्जी के आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित था।
टीएमसी मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, "हम गिरिराज सिंह की शर्मनाक टिप्पणी की निंदा करते हैं। हम भाजपा की मानसिकता के खिलाफ इस लड़ाई में दृढ़ हैं, जो महिला विरोधी गुंडों का गढ़ बन गई है। उन्हें अपनी टिप्पणी के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। नारी शक्ति की बात करने वाली भाजपा, अभी भी सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल में कैसे बने रहने दे रही है। उन्हें हटाया जाना चाहिए।’’
शशि पांजा ने अपनी बात दोहराते हुए इस बात पर जोर दिया कि सिंह की टिप्पणी न केवल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का अपमान है, बल्कि "भाजपा के चरित्र और उसकी नैतिक दिवालियापन" का प्रतिबिंब भी है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और सिंह की ओर से माफी मांगनी चाहिए। ऐसा करने में विफलता महिला विरोध के प्रति उनके समर्थन का स्पष्ट प्रदर्शन होगा और महिलाओं के प्रति इस तरह के अपमानजनक व्यवहार के लिए उनके प्रोत्साहन की पुष्टि होगी।"
मंगलवार को 29वें कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन के दौरान, ममता बनर्जी को बॉलीवुड की मशहूर हस्तियों सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा, महेश भट्ट और अनिल कपूर के साथ केआईएफएफ ‘थीम सॉन्ग’ पर नृत्य करते देखा गया था। इसके बाद सिंह ने बनर्जी के खिलाफ टिप्पणी की।
टीएमसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सिंह द्वारा एक टीवी चैनल को कथित तौर पर दिए गए साक्षात्कार की एक क्लिप साझा की थी जिसमें भाजपा नेता ने परोक्ष तौर पर बनर्जी की ओर इशारा करते हुए कहा था, ‘‘जश्न मना रही है, ठुमके लगा रही है, ये उचित नहीं है।’’
हालांकि, पीटीआई वीडियो क्लिप की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
इसके जवाब में प्रदेश भाजपा ने सिंह का समर्थन करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जहां पूरा राज्य भ्रष्टाचार से जूझ रहा है, वहीं मुख्यमंत्री उत्सवों में भाग ले रही हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने सदन के बाहर संवाददाताओं से कहा, "मुख्यमंत्री (ममता) बनर्जी के कार्यकाल के दौरान पश्चिम बंगाल व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार का खामियाजा भुगत रहा है। भ्रष्टाचार जैसे वास्तविक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, वे (टीएमसी) टिप्पणियों (गिरिराज सिंह की) पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं जो बिल्कुल भी व्यक्तिगत नहीं हैं।”
भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने ममता बनर्जी की पार्टी पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
कोलकाता के अलावा, टीएमसी ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध रैलियां आयोजित कीं, जिसमें माफी मांगने और सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल से तत्काल हटाने की मांग की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY