बेंगलुरु, तीन जुलाई कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार में ‘तबादला गिरोह’ सक्रिय है जो ‘पैसे लेकर तैनाती’ देने का काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सभी विभागों में इस तरह का भ्रष्टाचार सिर उठा रहा है।
जद (एस) के वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि ‘स्थानांतरण का व्यवसाय’ वाणिज्यिक कर विभाग तक फैल गया है।
कुमारस्वामी ने आरोप लगाया, “ तबादला गिरोह और भ्रष्टाचार बड़े पैमाने पर फल-फूल रहा है। परिवहन और राजस्व विभाग (सब-रजिस्ट्रार) के बाद अब तबादला गिरोह वाणिज्यिक कर विभाग में भी सक्रिय हो गया है।”
जनता दल (सेकुलर) के नेता ने आरोप लगाया, “ इस सरकार में पैसे लेकर नियुक्ति का चलन बदस्तूर जारी है। हालांकि राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने अपने भाषण में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की बात कही थी। परंतु राज्य में प्रत्येक पद पर तैनाती के लिए कीमत तय है।’’
उन्होंने दावा किया कि वाणिज्यिक कर विभाग में ‘गिरोह’ ने उन अधिकारियों की सूची तैयार की है जिनका तबादला किया जाना है और उसपर विभाग के आयुक्त के हस्ताक्षर का इंतजार है।
कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि सरकार 'बिना पैसे तैनाती नहीं' की नीति पर चल रही है।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के एक व्यक्ति ने एक विधायक से 30 लाख रुपये की मांग की, जो हमेशा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के आसपास नजर आता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY