नयी दिल्ली, 13 जुलाई दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर दिल्ली यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को वाहनों की आवाजाही पर रोक एवं विनियमन के संबंध में एक परामर्श जारी किया।
यमुना से बाढ़ का पानी बाहर आ जाने पर सड़कों के बंद रहने से खासकर पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा तथा यात्री घंटों फंसे रहे।
परामर्श के अनुसार आईपी फ्लाईओवर और चंदगी राम अखाड़े के बीच महात्मा गांधी मार्ग पर और कालीघाट मंदिर और दिल्ली सचिवालय के बीच के महात्मा गांधी मार्ग तथा बाहरी रिंग रोड पर वजीराबाद पुल एवं चंदगी राम अखाड़े के बीच यातायात बाधित है।
यातायात पुलिस ने कहा है कि यात्रियों को इन मार्गों से बचने और अन्य मार्गों से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।
परामर्श में कहा गया है कि गैर-नियत व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें पूर्वी तथा पश्चिमी पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा। व्यावसायिक वाहनों का मार्ग मुकरबा चौक से बदला जाएगा । इसके अलावा मुकरबा चौक और वजीराबाद पुल के बीच किसी भी व्यावसायिक वाहन को आने जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परामर्श के अनुसार, व्यावसायिक वाहनों को सराय काले खां से अन्य मार्ग पर भेजा जाएगा। सराय काले खां और आईपी फ्लाईओवर के बीच ऐसे किसी भी वाहन को आने जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गाजीपुर बॉर्डर तथा अक्षरधाम से भी उनके मार्ग डीएनडी की ओर परिवर्तित किए जाएंगे। अक्षरधाम और सराय काले खां के बीच भी ऐसे किसी वाहन को आने जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शहर के जो दृश्य सामने आये हैं उनमें जगह-जगह यातायात जाम नजर आता है।
वकील सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने कहा कि चार-पांच किलोमीटर लंबा रास्ता तय करने में उन्हें तीन घंटे लग गए। उन्होंने कहा, ‘‘ मैं करीब साढ़े आठ बजे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में अपने घर से निकला था और तीस हजारी अदालत जा रहा था। मुझे जी टी रोड से दिल्ली में दाखिल होने में तीन घंटे लग गये क्योंकि वहां यातायात जाम था। अब मैं घर लौटने की सोच रहा हूं।’’
दिल्लीवासियों ने भी अपनी परेशानियां ट्विटर पर व्यक्त कीं। उनमें से एक ने कहा कि खोडा से यूपी गेट एमसीडी टॉल पर पहुंचने में उन्हें एक घंटा लग गया।
मौजपुर, बाबरपुर, जीटीबी अस्पताल, दिलशाद गार्डन, विवेक विहार और आनंद विहार में यातायात बहुत अधिक था।
सोशल मीडिया पर डाली गयी तस्वीरों में राष्ट्रीय राजमार्ग 24 और सरायकाले खां में बहुत अधिक यातायात नजर आया तथा गाड़ियां रेंगती दिखाई दीं। यमुना का पानी आईटीओ तक पहुंच गया है जो पूर्वी दिल्ली से मध्य दिल्ली एवं कनॉट प्लेस जाने का मुख्य मार्ग है। विकास मार्ग पर भी बहुत यातायात था।
दिल्ली पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘ यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण जीटी रोड पर शाहदरा से आईएसबीटी,कश्मीरी गेट जाने वाले यातायात का मार्ग केशव चौक-कड़कडडूमा कोट - रोड नंबर 57-राष्ट्रीय राजमार्ग 24 होकर सीलमपुर टी प्वाइंट की ओर मोड़ दिया गया है।’’
उसने कहा, ‘‘ यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर आईएसबीटी से मजनूं का टीला की ओर जाने वाले तथा इसी रास्ते पर वापसी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गयी है। कृपया इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं करें।’’
पुलिस के अनुसार बाहरी रिंग रोड (रोहिणी से आईएसबीटी तक) यातायात प्रभावित हुआ है तथा जीटीके रोड और जीटीके रोड से आईएसबीटी (सोनीपत की ओर)की ओर ही जाने की अनुमति है। दूसरी तरफ से यातायात रोक दिया गया है और उसका मार्ग बदल दिया गया है। मुकरबा चौक फ्लाइओर के नीचे जीटीके रोड से आजादपुर के लिए यातायात रोहिणी की ओर मोड़ दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY