देश की खबरें | ट्रैक्टर परेड: किसानों के कई और समूह पंजाब से दिल्ली रवाना, हरियाणा की खापों ने भी कसी कमर

चंडीगढ़, 24 जनवरी पंजाब से किसानों के कई और समूह 26 जनवरी को होने वाली ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेने के लिये रविवार को दिल्ली रवाना हो गए हैं।

इस बीच, हरियाणा की विभिन्न खापों ने भी परेड में हिस्सा लेने के लिये कमर कस ली है।

केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहीं किसान यूनियनों ने कहा था कि वे गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालने के लिये तैयार हैं।

उन्होंने दिल्ली के बाहरी रिंग रोड पर ट्रैक्टर परेड निकालने की घोषणा की थी।

एक किसान नेता ने कहा कि अमृतसर से 500 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का एक समूह दिल्ली के लिये रवाना हुआ है। इसके अलावा फगवाड़ा, होशियारपुर समेत पंजाब के अन्य हिस्सों से किसानों के विभिन्न समूह ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेने के लिये राष्ट्रीय राजधानी की ओर निकल पड़े हैं।

अमृतसर में किसान संघर्ष यूनियन के नेता बलदेव सिंह वर्का ने कहा, ''ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेने के लिये आज लगभग 500 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिल्ली रवाना हुई हैं। प्रत्येक ट्रॉली में 20 लोग बैठ सकते हैं। इनमें 14 घंटे की दिल्ली यात्रा के दौरान लेटने और खाने-पीने का भी प्रबंधन किया गया है। ''

उन्होंने कहा कि शनिवार को लगभग 700 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिल्ली के लिये रवाना हुई थीं।

किसान संघर्ष समिति के प्रवक्ता गुरचरण सिंह छब्बा ने कहा कि अमृतसर और तरण तारण जिलों से अब तक लगभग 12 हजार ट्रैक्टर और ट्रॉलियां दिल्ली के लिये रवाना हो चुकी हैं।

भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) के महासचिव सतनाम सिंह साहनी ने कहा कि शुक्रवार और शनिवार को दोआबा से सबसे अधिक ट्रैक्टर दिल्ली के लिये रवाना हुए जबकि रविवार को भी अनेक ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजधानी के लिये निकले हैं।

उन्होंने कहा कि दोआबा से करीब 10 हजार ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेंगे।

वहीं, हरियाणा की विभिन्न 'खाप' भी दिल्ली में ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेने के लिये तैयार हैं। इसी के मद्देनजर हजारों खाप सदस्य अपने वाहन लेकर रविवार को दिल्ली के लिये रवाना हो गए।

खाप प्रमुख टेकराम कंडेला ने कहा कि कंडेला खाप के तहत आने वाले गांवों से लगभग 1,500 ट्रैक्टर रविवार को दिल्ली के लिये रवाना हो गए।

उन्होंने कहा, ''हमने जींद से शुरूआत की। हम शांतिपूर्ण तथा व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रहे हैं और परेड के लिये अधिकारियों द्वारा तय किये मार्गों पर चलेंगे।

हरियाणा के दादरी से निर्दलीय विधायक तथा सांगवान खाप के प्रमुख सोमबीर सांगवान ने कहा कि हजारों किसान अपने ट्रैक्टर लेकर दिल्ली की विभिन्न सीमाओं की ओर रवाना हो गए हैं।

सांगवान ने कहा कि हरियाणा और आसपास की करीब 200 खापों ने ट्रैक्टर परेड को अपना समर्थन दिया है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न खाप ट्रैक्टर परेड में भाग लेंगी। वे सक्रिय रूप से इसमें शामिल हैं और किसानों को पूरा समर्थन दे रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)