देश की खबरें | केरल में पर्यटन उद्योग निपाह वायरस से अप्रभावित : मंत्री

तिरुवनंतपुरम, 17 सितंबर केरल के पर्यटन मंत्री पी.ए. मोहम्मद रियास ने रविवार को कहा कि कोझिकोड जिले में निपाह वायरस के खतरे के बावजूद पूरे राज्य में पर्यटन गतिविधियां सामान्य और सुरक्षित रूप से जारी हैं।

रियास ने कहा कि चैंपियंस बोट लीग (सीबीएल) सहित सभी कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार हो रहे हैं, जो अच्छा संकेत है।

पर्यटन मंत्री ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘कोझिकोड जिले के कुछ इलाकों में स्थिति नियंत्रण में है, जहां से निपाह वायरस संक्रमण के कुछ मामले सामने आए थे। युद्ध स्तर पर किए गए समन्वित और अचूक रोकथाम उपायों के कारण ऐसा संभव हो सका है।’’

उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग के अधिकारी यात्रा और आतिथ्य उद्योग तथा सेवा प्रदाताओं के साथ संपर्क में हैं और प्रतिक्रिया यह मिली है कि सभी पर्यटन गतिविधियां योजना के अनुसार पटरी पर हैं।

रियास ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के मजबूत बुनियादी ढांचे और पिछली चिकित्सा आपात स्थितियों के दौरान प्रभावी हस्तक्षेप के इतिहास के कारण केरल हमेशा पर्यटकों के लिए एक सुरक्षित गंतव्य बना हुआ है।

गौरतलब है कि यह चौथी बार है जब राज्य में निपाह वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। वर्ष 2018 और 2021 में कोझिकोड में तथा 2019 में एर्णाकुलम में इसका पता चला था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)