ताजा खबरें | विभिन्‍न मंत्रालयों से महिलाओं के लैंगिक उत्‍पीड़न से संबंधित कुल 391 शिकायतों मिली : सरकार

नयी दिल्ली, 29 जुलाई महिला एवं बाल विकास मंत्री स्‍मृति ईरानी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि विभिन्‍न मंत्रालयों से महिलाओं के लैंगिक उत्‍पीड़न से संबंधित कुल 391 शिकायतों मिली हैं।

स्मृति ईरानी ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने कार्यस्‍थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्‍पीड़न से संबंधित शिकायतों की पंजीकरण सुविधा देने के लिए एक ऑनलाइन शिकायत प्रबंधन तंत्र विकसित किया है। इसे लैंगिक उत्‍पीड़न इलेक्‍ट्रॉनिक बॉक्‍स (सी-बॉक्‍स) नाम दिया गया है।

उन्होंने कहा कि एक बार सी-बॉक्‍स में शिकायत दर्ज होने पर यह कार्रवाई के लिए अधिकार क्षेत्र वाले संबंधित प्राधिकारी के पास सीधे पहुंचती है। ऐसी शिकायतों पर कार्रवाई करने की जिम्‍मेदारी संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों की है।

उन्होंने कहा कि अब तक महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से संबंधित 36 शिकायतों समेत विभिन्‍न मंत्रालयों से संबंधित शी-बॉक्‍स में कुल 391 शिकायतें मिली हैं।

स्मृति ईरानी ने कहा कि देश में महिलाओं को कार्यस्‍थल पर सुरक्षित वातावरण देना सरकार के लिए सर्वोच्‍च प्राथमिकता में है । इसे ध्‍यान में रखते हुए सरकार ने ''कार्यस्‍थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्‍पीड़न (निवारण और शिकायत निपटान) अधिनियम, 2013 लागू किया है।

उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने कानून के सख्‍त कार्यान्‍वयन के लिए समय-समय पर राज्‍यों व संघ राज्‍य प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों व विभागों को दिशानिर्देश जारी किए हैं ताकि महिलाओं के लिए अनुकूल माहौल का निर्माण किया जा सके।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)