खेल की खबरें | शीर्ष वरीय स्वियातेक फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में

शीर्ष वरीय स्वियातेक ने क्वार्टरफाइनल में 11वीं वरीय पेगुला को 6-3, 6-2 से शिकस्त दी। इस तरह वह लगातार 33 मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रहीं जो सेरेना विलियम्स के 2013 में लगातार 34 मैच जीतने के बाद टूर पर जीत दर्ज करने का सबसे लंबा सफर है।

वर्ष 2020 में रोलां गैरां खिताब जीतने वाली स्वियातेक का सामना अब अंतिम चार में 20वीं रैंकिंग की रूसी खिलाड़ी दारिया कासातकिना से होगा जिन्होंने हमवतन वेरोनिका कुदेरमेतोवा को 6-4 7-6 से शिकस्त दी।

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में 18 वर्षीय अमेरिकी कोको गॉफ की भिड़ंत गैर वरीय इटली की 28 साल की मार्टिना ट्रेविसान से होगी।

स्वियातेक मार्च में डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थीं जब एश बार्टी ने 25 साल की उम्र में संन्यास लेने का फैसला किया था जो उस समय नंबर एक खिलाड़ी थीं।

स्वियातेक ने इसके बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखाया है, उन्होंने पेगुला के खिलाफ 30 विनर जमाये जबकि प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी केवल 16 विनर लगा सकी।

हालांकि स्वियातेक अपने 21वें जन्मदिन के अगले दिन इतना दबदबे वाला खेल नहीं दिखा रही थीं। लेकिन उन्हें पहले सेट में चेयर अंपायर के ‘डबल बाउंस’ पर ध्यान नहीं देने का फायदा मिला जिसमें वह पिछड़ रही थीं।

पुरूषों के क्वार्टरफाइनल में आंद्रे रूबलेव 2014 अमेरिकी ओपन चैम्पियन मारिन सिलिच से जबकि कैस्पर रूड 19 वर्षीय होल्गर रून से भिड़ेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)