खेल की खबरें | तोक्यो ओलंपिक के आयोजकों का ध्यान खेलों के महाकुंभ की मेजबानी पर

कोरोना वायरस महामारी के फैलने पर 10 महीने पहले स्थगित किए गए तोक्यो खेलों का उद्घाटन समारोह 23 जुलाई को होना है लेकिन इन खेलों पर एक बार फिर खतरा मंडरा रहा है।

द टाइम्स आफ लंदन ने सरकारी सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि खेलों को रद्द किया जाएगा। इसने सत्ताधारी गठबंधन के वरिष्ठ सदस्य के हवाले से यह खबर दी है।

सूत्र ने कहा, ‘‘कोई भी सबसे पहले इस बात को नहीं कहना चाहता लेकिन सहमति यह है कि इसका आयोजन बेहद मुश्किल है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘निजी तौर पर मुझे नहीं लगता कि इसका आयोजन होगा।’’

शुक्रवार को हालांकि स्थानीय आयोजन समिति ने प्रत्यक्ष रूप से द टाइम्स की खबर का हवाला दिए बगैर कहा कि ओलंपिक के आयोजन की तैयारी आगे बढ़ रही है और उन्हें प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा का समर्थन हासिल है।

बयान में कहा गया, ‘‘राष्ट्रीय सरकार, तोक्यो राज्य सरकार, तोक्यो 2020 आयोजन समिति, आईओसी और आईपीसी (अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति) सहित हमारे सभी साझेदारों का ध्यान इन गर्मियों में खेलों की मेजबानी पर है।’’

इसके अनुसार, ‘‘हमें उम्मीद है कि जितना जल्दी संभव हो दैनिक जीवन सामान्य होगा और हम सुरक्षित खेलों के आयोजन के लिए प्रयास जारी रखेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)