कोलकाता, सात दिसंबर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ शुक्रवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया।
टीएमसी ने सिंह से इस टिप्पणी को लेकर माफी मांगने और उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल से तत्काल हटाए जाने की मांग की है।
टीएमसी ने सिंह की टिप्पणियों की निंदा की और राज्य में विभिन्न स्थानों पर धरना-प्रदर्शन किया, जिसमें महिला नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पोस्टर और तख्तियां लेकर सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारेबाजी की।
टीएमसी ने दक्षिण कोलकाता में ममता बनर्जी के आवास के करीब हाजरा मोड़ पर विरोध प्रदर्शन किया।
टीएमसी की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘हम गिरिराज सिंह की शर्मनाक टिप्पणी की निंदा करते हैं। हम भाजपा की पुरातन मानसिकता के खिलाफ इस लड़ाई में दृढ़ता के साथ खड़े हैं, जो स्त्री द्वेषी उपद्रवियों का गढ़ बन गई है। उन्हें अपनी टिप्पणी के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। हमें आश्चर्य है कि 'नारी शक्ति' की बात करने वाली भाजपा अभी भी सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल में बने रहने की अनुमति क्यों दे रही है। उन्हें हटाया जाना चाहिए। ’’
तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने बुधवार को ‘एक्स’ पर गिरिराज सिंह द्वारा एक टीवी चैनल को दिए गए कथित साक्षात्कार की क्लिप साझा की थी, जिसमें भाजपा नेता ने बनर्जी का जिक्र करते हुए कहा था, ‘‘जश्न मना रही है, ठुमके लगा रही है, ये अच्छा नहीं है।’’
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भाग लेने पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री की टिप्पणी की आलोचना करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य शांतनु सेन ने बुधवार को उच्च सदन में देश की आर्थिक स्थिति पर चर्चा के दौरान यह मुद्दा उठाया था।
टीएमसी ने कोलकाता के अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध रैलियां आयोजित कीं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले पर कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल ममता बनर्जी के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का दंश झेल रहा है। भ्रष्टाचार जैसे वास्तविक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, वे (टीएमसी) (गिरिराज सिंह की) टिप्पणियों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो बिल्कुल भी व्यक्तिगत नहीं हैं। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY