कोलकाता, 30 जुलाई पश्चिम बंगाल में डेंगू की स्थिति को ‘चिंताजनक’ बताते हुए विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि इसके लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार जिम्मेदार है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने कोलकाता नगर निगम के महापौर और वरिष्ठ टीएमसी नेता फिरहाद हकीम पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि वह इसे फैलने से रोकने में विफल रहे।
टीएमसी ने पलटवार करते हुए भाजपा पर नाटकबाजी और 'ओछी राजनीति' का सहारा लेने का आरोप लगाया।
मजूमदार ने पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ उत्तरी कोलकाता के कांकुरगाछी इलाके में एक सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर ने बीमारी को नियंत्रित करने में विफलता के लिए 'डेंगू हकीम' उपनाम कमाया है।
उन्होंने आरोप लगाया, ''अपनी नाकामयाबी को छिपाने के लिए'' राज्य सरकार इस बीमारी से मरने वाले लोगों की उचित संख्या को दबा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी जानकारी के अनुसार, अब तक इस बीमारी से आठ से नौ मौतें हुई हैं, लेकिन सरकार यह आंकड़ा छिपा रही है।’’
अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता में डेंगू के विभिन्न मामले दर्ज हुए हैं और इससे पीड़ित दो मरीजों की मौत हुई है।
मजूमदार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए हकीम ने दावा किया कि भाजपा नेता बीमारी पर राजनीति करने में व्यस्त हैं।
नगरपालिका मामले और शहरी विकास मंत्री का पद संभालने वाले हकीम ने कहा,''भाजपा को जनता की चिंता नहीं है। वह केवल तमाशे और मीडिया प्रचार में विश्वास रखती है। हमें डेंगू की स्थिति के बारे में पता है और आवश्यक कदम उठा रहे हैं।'' उन्होंने बताया कि हर साल मॉनसून के दौरान डेंगू के मामले सामने आते हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से हाल ही में दिए गए उस बयान पर निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य में पड़ोसी बांग्लादेश से डेंगू फैल रहा है। अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर चर्चा के लिए ‘अपनी मित्र’ प्रधानमंत्री शेख हसीना के पास ढाका में एक टीएमसी प्रतिनिधिमंडल क्यों नहीं भेजतीं।
अधिकारी ने कहा,''मुख्यमंत्री ने इस खतरे को रोकने में अपनी विफलता को छिपाने के लिए ऐसी बेतुकी टिप्पणी की थी।'' स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि वह डेंगू पर रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के संक्रमण से बचने के लिए लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उसने लोगों को मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, पूरी बाजू की कमीज और पतलून पहनने तथा आसपास के स्थानों को स्वच्छ रखने की सलाह दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY