नयी दिल्ली, 10 जुलाई दिल्ली की एक अदालत ने तीस हजारी अदालत में कथित गोलीबारी की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार पांच वकीलों की पुलिस हिरासत सोमवार को एक दिन के लिए बढ़ा दी।
तीस हजारी अदालत परिसर में पांच जुलाई को गोलीबारी की घटना सामने आई थी और पुलिस ने कहा था कि इसमें वकीलों के दो समूह कथित तौर पर शामिल थे।
घटना के अगले दिन, तीन वकीलों - सचिन सांगवान, अमन सिंह और रवि गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था और अदालत ने इन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। वहीं, दो अन्य वकीलों - मनीष शर्मा और ललित शर्मा को सात जुलाई को गिरफ्तार किया गया और उन्हें तीन दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया था।
मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कात्यायिनी शर्मा कंडवाल ने जांच अधिकारी (आईओ) के आवेदन पर सभी आरोपियों की एक दिन की पुलिस हिरासत प्रदान की। जांच अधिकारी ने पूछताछ के लिए आरोपियों को दो दिन की हिरासत में देने का अनुरोध किया था।
जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि कुछ हथियार बरामद कर लिए गए हैं और कुछ और जब्त किए जाने बाकी हैं। अदालत को यह भी बताया गया कि अन्य सहआरोपियों को गिरफ्तार किया जाना है और सभी से संयुक्त पूछताछ की जरूरत है।
मामले में अगली सुनवाई मंगलवार को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY