देश की खबरें | पीलीभीत के माला रेंज में बाघिन की मौत, चार शावकों के पंजों के निशान मिले

पीलीभीत (उप्र), 15 मार्च उत्तर प्रदेश के पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की माला रेंज के भैरो बीट के कंपार्टमेंट (128 सी) में एक बाघिन का शव वन विभाग ने बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए बरेली आईआरबीआई भेजा गया है।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर जावेद अख्तर ने सोमवार को बताया कि माला रेंज में आपसी संघर्ष के चलते एक बाघिन की मौत हो गई है, जिसका शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली आईआरबीआई भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही बाघिन की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मृत बाघिन की उम्र लगभग पांच से सात वर्ष के बीच है जिसका शव रविवार को मिला था। अख्‍तर ने यह भी बताया कि उस क्षेत्र में चार शावकों के पंजों के निशान मिले हैं और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ये शावक मृत बाघिन के हैं या किसी और बाघिन के लेकिन उस पूरे क्षेत्र की पैदल गश्त कराई जा रही है।

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक नवीन खंडेलवाल ने पत्रकारों को बताया रविवार शाम माला रेंजर को गश्त के दौरान भैरो चौकी के पीछे दुर्गंध महसूस हुई और छानबीन के बाद उन्हें भैरो चौकी से 700 मीटर दूर मृत बाघिन दिखी।

इस सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आज पीटीआर के फील्ड डायरेक्टर जावेद अख्तर और पीटीआर के संविदा वेटरनरी डॉ दक्ष गंगवार के साथ मृतक बाघिन के शरीर का मुआयना किया। इस बीच शावकों के पंजों के निशान साफ दिखाई देने पर अधिकारी व कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई। घटनास्थल के आसपास एक बड़े टाइगर के पदचिह्न भी दिखाई दिए।

अख्तर ने मृत बाघिन के शव को रेंजर माला राम के नेतृत्व में टीम बनाकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली आईआरबीआई भेज दिया जबकि देर शाम तक शावकों का कुछ पता नहीं चला।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)