देश की खबरें | उच्चतम न्यायालय के तीन रजिस्ट्रार को वापस उनके मूल कैडर,संस्थानों में भेजा गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय के तीन रजिस्ट्रार को प्रधान न्यायाधीश उदय उमेश ललित ने अलग-अलग आदेशों के जरिए उनके मूल संगठनों और कैडर में वापस भेज दिया है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर उच्चतम न्यायालय के तीन रजिस्ट्रार को प्रधान न्यायाधीश उदय उमेश ललित ने अलग-अलग आदेशों के जरिए उनके मूल संगठनों और कैडर में वापस भेज दिया है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

न्यायालय में स्थायी सेवा में समाहित किये जाने से पहले वे तीनों प्रतिनियुक्ति पर थे।

रजिस्ट्रार राजेश गोयल, पिछले छह-सात वर्षों से उच्चतम न्यायालय में प्रतिनियुक्ति पर थे और उन्हें बाद में पूर्व प्रधान न्यायाधीश एन वी रमण के कार्यकाल के दौरान स्थायी कर्मचारी के रूप में समाहित कर लिया गया था।

सूत्रों ने बताया कि गोयल को वापस दिल्ली उच्चतर न्यायपालिका में न्यायिक अधिकारी के रूप में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

रजिस्ट्रार प्रसन्न कुमार सूर्यदेवड़ा को वापस प्रसार भारती में भेज दिया गया है।

सूर्यदेवड़ा को पूर्व प्रधान न्यायाधीश रमण के कार्यकाल के दौरान प्रतिनियुक्ति पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार के पद पर नियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें न्यायालय में रजिस्ट्रार बनाया गया था। वह मीडिया से जुड़े कामकाज देखा करते थे।

सूर्यदेवड़ा इससे पूर्व प्रसार भारती में संयुक्त निदेशक थे।

शीर्ष न्यायालय के सूत्रों ने बताया कि उन्हें 30 सितंबर को अपने मूल कैडर में वापस भेज दिया गया।

पश्चिम बंगाल के एक न्यायिक अधिकारी अवनीपाल सिंह पिछले चार साल से सामान्य प्रशासन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें भी शीर्ष न्यायालय का स्थायी कर्मचारी बनाया गया था।

सूत्रों ने बताया कि सिंह को न्यायिक अधिकारी के रूप में अपने मूल कैडर में जाने को कहा गया है।

इसके अलावा, कुछ अन्य प्रशासनिक फैसले भी लिए गये। मानव संसाधन विभाग का कामकाज देख रहे रजिस्ट्रार दीपक जैन को न्यायालय के दूसरे विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया।

शीर्ष न्यायालय ने अतिरिक्त रजिस्ट्रार बदर-उल-इस्लाम की सेवाएं समाप्त करने का भी फैसला किया, जो 2019 में अपनी सेवानिवृत्ति होने के बावजूद प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\