बिलासपुर, आठ जुलाई छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत गिरने से दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि शहर के मंगला चौक में तीन मंजिला इमारत शनिवार सुबह लगभग 6.45 बजे ढह गई। इस घटना में एक गहने की और एक दवाई की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह का वक्त होने के कारण दुकान नहीं खुली थी तथा वहां आवागमन भी कम था। जिससे इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम अलग-अलग स्थानों में नालियों का निर्माण करा रहा है और मंगला चौक से रिंग रोड-दो तक नाली-निर्माण का काम जारी है।
स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि नाली निर्माण के लिए बेतरतीब खुदाई से आसपास की अनेक इमारतों की नींव कमजोर हो गई है। शहर में बारिश के दौरान निगम द्वारा लापरवाहीपूर्वक निर्माण कार्य की वजह से यह इमारत गिरी है।
नगर निगम के आयुक्त कुणाल दुदावत ने बताया कि मंगला चौक में इमारत गिरने के मामले में अपर-आयुक्त की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है। समिति तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
दुदावत ने बताया कि दुकान संचालक विशाल गुप्ता को नाली-निर्माण करने वाले ठेकेदार संघ ने मानवीय आधार पर पांच लाख रुपये का चेक तात्कालिक सहायता के रूप में प्रदान किया है।
उन्होंने बताया कि जांच-समिति की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY