प्रांत के अधिकारियों ने कहा कि आजरबैजान ने नागोर्नो-काराबाख की राजधानी स्टेपनकर्ट और शुशी शहर के रिहायशी इलाकों पर रॉकेट और बम दागे।
उन्होंने कहा कि हमले में स्टेपनकर्ट में एक महिला और उनके दो पोतों की मौत हो गई।
हालांकि, आजरबैजान के रक्षा मंत्रालय ने रिहायशी इलाकों को निशाना बनाए जाने के आरोपों को खारिज किया और साथ ही आर्मेनिया पर आजरबैजान के टार्टर शहर और उसके आसपास के गांवों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
नागोर्नो-काराबाख के अधिकारियों के मुताबिक, उनके 1,177 सैनिक और 50 आम नागरिक इस संघर्ष में मारे जा चुके हैं। वहीं, आजरबैजान ने हताहत हुए अपने सैनिकों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है लेकिन इस संघर्ष में अपने 92 आम नागरिकों के मारे जाने और 400 से अधिक के घायल होने की बात कही है।
हालांकि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 22 अक्टूबर को अब तक आजरबैजान और आर्मेनिया के बीच जारी इस संघर्ष में करीब 5,000 लोगों के मारे जाने का दावा किया था।
उल्लेखनीय है कि नागोर्नो-काराबाख क्षेत्र आजरबैजान के क्षेत्र में आता है, लेकिन इस पर 1994 से आर्मेनिया समर्थित आर्मेनियाई जातीय समूहों का नियंत्रण है। इस क्षेत्र को लेकर आजरबैजान और आर्मेनियाई बलों के बीच 27 सितंबर को संघर्ष शुरू हुआ था, जिसमें सैंकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है।
दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम के लिए रूस, फ्रांस और अमेरिका की ओर से मध्यस्थता की कोशिश की गई थी लेकिन इसके लागू होने के कुछ ही देर बाद इसका उल्लंघन हो गया था और दोनों पक्षों ने इसके लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY