देश की खबरें | असम चुनाव में अरबपति राजनीतिक घराने के तीन सदस्य मैदान में

सिलचर (असम), 30 मार्च वंशवाद की राजनीति की आलोचना की परवाह किए बिना एक अरबपति राजनीतिक घराने के तीन सदस्य असम विधानसभा चुनाव में बराक घाटी की अलग-अलग सीटों के लिए चुनावी मैदान में हैं।

लगातार छह बार से विधायक एवं भाजपा का दामन थाम चुके पूर्व कांग्रेस मंत्री गौतम रॉय, उनका बेटा एवं पूर्व विधायक राहुल तथा बहू डेजी क्रमश: कतिगोरा, उधरबोंड और अल्गापुर निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। डेजी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।

ये तीन निर्वाचन क्षेत्र कछार और हैलाकांडी जिलों के तहत आते हैं जहां दूसरे चरण में एक अप्रैल को चुनाव होना है।

तीनों उम्मीदवारों के शपथपत्रों के अनुसार बराक घाटी के ताकतवर रॉय परिवार की कुल संपत्ति 142.57 करोड़ रुपये की है।

गौतम रॉय की पत्नी मंदिरा 2013 के उपचुनाव में कांग्रेस की टिकट पर अल्गापुर सीट जीतने के बाद विधायक बनी थीं जबकि उनके पिता संतोष कुमार रॉय 1972-78 तक कतलीचेर्रा से विधायक रहे।

रॉय ‘‘पार्टी विरोधी गतिविधियों’’ के मामले में कांग्रेस से निलंबित होने के बाद 2019 में भाजपा में शामिल हो गए। भगवा पार्टी ने उन्हें मौजूदा विधायक अमर चंद जैन के स्थान पर कतिगोरा सीट से टिकट दिया है और उनकी कतलीचेर्रा सीट सुब्रत नाथ को दी है।

सीट बदले जाने के बारे में पूछने पर रॉय ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘यह पार्टी के फैसले के अनुसार हुआ है और मुझे इससे कोई आपत्ति नहीं है। मैं इस बार कतिगोरा से चुनाव जीतने को लेकर 100 फीसदी आश्वस्त हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)