एजेंसी न्यूज

Narela Fire Breaks: नरेला में खाद्य प्रसंस्करण इकाई में आग लगने से तीन लोगों की मौत, छह अन्य घायल

राष्ट्रीय राजधानी के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक खाद्य प्रसंस्करण इकाई में शनिवार तड़के आग लग जाने और फिर विस्फोट होने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी.

Narela Fire Breaks: नरेला में खाद्य प्रसंस्करण इकाई में आग लगने से तीन लोगों की मौत, छह अन्य घायल
Fire Representative Image (Photo Credit: Pexels)

नयी दिल्ली, 8 जून : राष्ट्रीय राजधानी के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक खाद्य प्रसंस्करण इकाई में शनिवार तड़के आग लग जाने और फिर विस्फोट होने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि तड़के तीन बजकर 35 मिनट पर सूचना मिली कि मूंग दाल का प्रसंस्करण करने वाले श्याम कृपा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्टरी में आग लग गई है. अधिकारी ने बताया कि आग फैक्टरी में फैल गई और कुछ श्रमिक उसमें फंस गए. दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि दमकल की 14 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग बुझाने का काम अब भी जारी है.

उन्होंने बताया कि इमारत से नौ लोगों को बचाया गया और उन्हें नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सकों ने इनमें से तीन लोगों श्याम (24), राम सिंह (30) और बीरपाल (42) को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का इलाज जारी है. उन्होंने बताया कि घायलों में शामिल पुष्पेंद्र (26), आकाश (19), मोहित कुमार (21), रवि कुमार (19), मोनू (25) और लालू (32) का सफदरजंग अस्पताल में इलाज हो रहा है. यह भी पढ़ें: JDU नेता केसी त्यागी का बड़ा दावा, ‘नीतीश कुमार को INDIA गठबंधन ने दिया था पीएम पद का ऑफर’ (Watch Video)

अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि एक पाइपलाइन से गैस का रिसाव होने के चलते आग लगी. मूंग दाल भूनने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चूल्हे को इस पाइपलाइन के जरिये गैस की आपूर्ति की जाती है. उन्होंने बताया कि आग फैलने के कारण कंप्रेसर गर्म हो गया, जिससे उसमें विस्फोट हो गया. फैक्टरी के मालिकों की पहचान रोहिणी निवासी अंकित गुप्ता और विनय गुप्ता के रूप में हुई है. अधिकारी ने बताया कि घटना के सिलसिले में एक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 08, 2024 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).